न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के लिए भारत की टीम घोषित
शुभमन गिल संभालेंगे कमान, अय्यर-सिराज की टीम में वापसी
मुंबई, न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। शनिवार को घोषित स्क्वॉड में शुभमन गिल को कप्तान बनाया गया है, जबकि श्रेयस अय्यर को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की भी टीम में वापसी हुई है। हालांकि, श्रेयस अय्यर मैदान पर तभी उतर सकेंगे, जब उन्हें बीसीसीआई की मेडिकल टीम से पूरी तरह फिट होने की अनुमति मिल जाएगी। विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को टीम में बरकरार रखा गया है, वहीं ईशान किशन इस बार चयन से बाहर रहे हैं। कार्यभार को ध्यान में रखते हुए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को इस सीरीज के लिए आराम दिया गया है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का आगाज 11 जनवरी से होगा। पहला मुकाबला बड़ौदा में खेला जाएगा। यह सीरीज युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का अहम मौका मानी जा रही है।
भारत की वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा,प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह और यशस्वी जायसवाल।
