February 14, 2026

देश की रक्षा में जान गंवाने वाले सैनिकों को अनुपम खेर ने किया याद

पोस्ट के जरिए व्यक्त की भावनाएं

मुंबई, 500 से ज्यादा फिल्मों में काम करने वाले वरिष्ठ अभिनेता अनुपम खेर सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं। वे सोशल मीडिया पर फैंस को मोटिवेट करने से लेकर जिंदगी को नए नजरिए से जीने के लिए प्रेरित करते हैं। अब उन्होंने देश की रक्षा में जान गंवाने वाले सैनिकों को याद किया है और साथ ही उन माताओं की पीड़ा को भी शब्दों में बयां करने की कोशिश की है, जिन्होंने अपने नौजवान बेटों को खोया है। अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें उन्होंने उस मां और परिवार के नजरिए को शेयर किया है जिन्होंने अपने बेटे को देश पर न्योछावर कर दिया। अभिनेता ने वीडियो में एक किताब का जिक्र किया है जो उनकी दोस्त मेघना गिरीश ने लिखी है। मेघना वही मां हैं जिनके जवान बेटे अक्षय गिरीश ने आर्मी में सेवा देते हुए देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। अब मेघना ने फाइंडिंग न्यू मीनिंग नाम की किताब लिखी है, जिसमें उनके बेटे के बलिदान के साथ-साथ उनकी जिंदगी में आए खालीपन के बारे में लिखा है।
अभिनेता अनुपम खेर किताब को लेकर काफी इमोशनल दिखे और उन्होंने अपने फैंस से अपील भी की है कि वे किताब को ज्यादा से ज्यादा खरीदें और एक मां की जिंदगी में आए खालीपन और उदासी को समझें। उन्होंने कैप्शन में लिखा- जब कोई सिपाही अपने देशवासियों की सुरक्षा के लिए अपनी जान कुर्बान कर देता है, तो देश एक शहीद को खो देता है! लेकिन कोई न कोई अपना बेटा, भाई, पिता, पति या बचपन का दोस्त भी खो देता है! दुनिया में कोई भी चीज़ उस क्षति की भरपाई नहीं कर सकती!
उन्होंने आगे लिखा- मेघना गिरीश को सलाम, जिन्होंने अपने बेटे मेजर अक्षय गिरीश को युद्ध में खोने के असहनीय दर्द को बयां करते हुए एक मां के रूप में अपनी कहानी लिखी है। हम उनके अकेलेपन को दूर नहीं कर सकते, लेकिन उनके दुख को बांटने की कोशिश कर सकते हैं।
बता दें कि अनुपम खेर खुद अभिनेता के अलावा, एक लेखक हैं और वे अब तक चार किताबें लिख चुके हैं, जो जिंदगी जीने के नए तरीकों और नजरियों पर आधारित हैं। उनकी किताब लेसन्स लाइफ टॉट मी अननोइंगली बेस्ट सेलर बनी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *