फ्रांस संग देश में बनेंगे 5वीं पीढ़ी के फाइटर जेट इंजन
नई दिल्ली, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को घोषणा की कि भारत फ्रांसीसी एयरोस्पेस कंपनी सफ्रान के साथ मिलकर पाँचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमानों के इंजन बनाएगा। राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में ‘इकोनॉमिक टाइम्स वर्ल्ड लीडर्स फोरम’ में यह घोषणा की, जहाँ उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने अपनी पाँचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं।
इस परियोजना पर रोल्स-रॉयस (यूके) और जीई (अमेरिका) जैसी वैश्विक दिग्गज कंपनियों के साथ काफी समय से बातचीत चल रही थी। हालाँकि, भारत ने आखिरकार सफ्रान के साथ साझेदारी करने का फैसला किया है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि कुछ दिन पहले ही हमने एचएएल को लगभग 66,000 करोड़ रुपये की लागत से 97 तेजस लड़ाकू विमान बनाने का नया ऑर्डर दिया है। इससे पहले, एचएएल को 48,000 करोड़ रुपये की लागत से 83 विमान बनाने का भी ऑर्डर दिया गया था। हमारा तेजस विमान भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं का एक शानदार उदाहरण बनने के लिए तैयार है। ऐसा नहीं है कि इस प्रयास में हमें चुनौतियों का सामना नहीं करना पड़ रहा है, लेकिन हमने संकल्प लिया है कि हम हर समस्या का समाधान निकालेंगे और भारत में लड़ाकू विमान बनाने की पूरी क्षमता अवश्य स्थापित करेंगे। आज, हमने पाँचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान बनाने की दिशा में भी कदम आगे बढ़ा दिए हैं। हम भारत में ही विमान के इंजन के निर्माण की दिशा में भी आगे बढ़े हैं। हम फ्रांसीसी कंपनी सफ्रान के साथ मिलकर भारत में इंजन निर्माण का काम शुरू करने वाले हैं।
