प्रशासन की ओर से लोगों की जान-माल की सुरक्षा हेतु किए गए सुचारू प्रबंध – जसप्रीत सिंह
एस.डी.एम. ने संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा, लोगों से की बातचीत
राज घई, श्री आनंदपुर साहिब, उपमंडल मजिस्ट्रेट श्री आनंदपुर साहिब जसप्रीत सिंह ने आज सब-डिवीजन के उन गांवों का दौरा किया, जहां संभावित बाढ़ की स्थिति बन सकती है। उन्होंने लोगों से बातचीत की और भरोसा दिलाया कि प्रशासन की ओर से सभी सुचारू प्रबंध किए गए हैं। लोगों को अफवाहों पर बिल्कुल विश्वास नहीं करना चाहिए। प्रशासन की ओर से फ्लड कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है और हमारे अधिकारी-कर्मचारी लगातार क्षेत्र की स्थिति पर नज़र रख रहे हैं।
आज बुर्ज गांव का दौरा करने के मौके पर एस.डी.एम. ने गांववासियों को बताया कि भाखड़ा डैम में पानी का स्तर अभी खतरे के निशान से 14 फुट नीचे है। उन्होंने जानकारी दी कि भाखड़ा डैम की पानी भंडारण क्षमता 1680 फुट है और इस समय पानी का स्तर लगभग 1666 फुट है।
उन्होंने विस्तार से समझाया कि जब हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों में भारी वर्षा होती है और भाखड़ा डैम से सतलुज नदी में छोड़ा गया पानी तथा स्वां नदी में पहाड़ों से तेजी से आया पानी आपस में मिल जाते हैं, तो एक समय के लिए नदी के पानी का बहाव बहुत तेज़ हो जाता है। लेकिन पिछले दो महीनों से प्रशासन की ओर से इस इलाके के संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सभी आवश्यक प्रबंध पहले से ही किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि लोग बिल्कुल भयभीत न हों। गांववासियों की बड़ी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे अधिकारी लगातार हालात पर नज़र बनाए हुए हैं ताकि किसी भी स्थिति से निपटने और लोगों को अग्रिम जानकारी देने में कोई देरी न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि हम पशुधन और किसानों की फसलों का भी ध्यान रख रहे हैं। कुछ जगहों से फसलों के नुकसान की जानकारी मिली है, जिसके लिए नायब तहसीलदार कर्णवीर मान को अपनी टीम के साथ पूरे क्षेत्र का दौरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि नायब तहसीलदार नूरपुर बेदी, मैडम सुनीता ने बीती देर शाम उप-तहसील नूरपुर बेड़ी के गांव अमरपुर बेला का दौरा कर स्थिति का जायज़ा लिया।
उन्होंने मौजूदा हालात पर कहा कि स्थिति में सुधार हो रहा है, पानी का स्तर लगातार घट रहा है और जल्द ही हालात सामान्य हो जाएंगे।
