भाजपा किसानों व कांग्रेस का श्रेय छीनने की कोशिश कर रही: वडिंग
चंडीगढ़, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने पंजाब सरकार द्वारा भूमि पूलिंग नीति को वापस लेने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की रैली पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा किसानों और कांग्रेस पार्टी का श्रेय चुराने की कोशिश कर रही है जबकि दोनों ने ही इन कानूनों के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करके इन कानूनों का कड़ा विरोध किया था।
वडिंग ने कहा कि सरकार को पीछे हटने और नीति वापस लेने के लिए मजबूर करने का श्रेय किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जाता है और अब भाजपा इसका श्रेय चुराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने भाजपा नेतृत्व से पूछा कि सरकार को नीति वापस लेने के लिए मजबूर करने में उनका क्या योगदान था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा आप के साथ एक फिक्स मैच खेल रही है क्योंकि आप पंजाब में उसकी पैठ बनाने में मदद करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कृषि विरोधी कानूनों के विरोध के दौरान भाजपा ने पंजाबी किसानों को जो ज़ख्म दिए हैं वे भुलाए नहीं जा सकते। उन्होंने कहा कि ए और बी टीमें चाहे जो भी खेल खेलें, पंजाब के लोगों के सामने उनकी पोल खुल ही जाती है।
