December 22, 2025

वोटर वेरिफिकेशन के खिलाफ विपक्ष का हल्लाबोल

हिरासत में राहुल-प्रियंका, अखिलेश ने बैरिकेडिंग फांदी

नई दिल्ली, बिहार एसआईआर और वोट चोरी पर सड़क से संसद तक संग्राम है। बिहार में मतदाता सूची में गड़बड़ी और चुनावों में कथित धांधली के खिलाफ ‘इंडिया’ ब्लॉक आज शक्ति प्रदर्शन कर रहा है। 25 विपक्षी दलों के 300 से अधिक सांसद सोमवार को संसद से चुनाव आयोग के मुख्यालय तक मार्च कर रहे हैं। विपक्षी सांसदों के विरोध प्रदर्शन को पार्लियामेंट के बाहर ही रोक दिया गया। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई सांसदों को हिरासत में ले लिया गया है।

प्रदर्शन के दौरान जब समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को रोका गया तो वह पुलिस बैरिकेड के ऊपर से निकल गए। उन्हें देखकर कुछ और सांसदों ने भी बैरिकेडिंग के ऊपर से निकलने की कोशिश की।

विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के दौरान टीएमसी सांसद मिताली बाग की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य लोग मदद करते दिखे।

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकार डरी हुई है। सरकार कायर है। दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा, संजय राउत और सागरिका घोष समेत इंडिया ब्लॉक के सांसदों को हिरासत में ले लिया है। ये एसआईआर के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे और संसद से चुनाव आयोग तक मार्च कर रहे थे।

दिल्ली के ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस दीपक पुरोहित ने कहा, “हिरासत में लिए गए इंडिया ब्लॉक नेताओं को संसद मार्ग पुलिस स्टेशन ले जाया गया है। हम अभी भी हिरासत में लिए गए सांसदों की संख्या गिन रहे हैं। यहां विरोध प्रदर्शन की कोई अनुमति नहीं थी, लेकिन हमें सूचना मिली थी। अगर वे तय करते हैं, तो हम उन्हें चुनाव आयोग कार्यालय तक पहुंचा देंगे। चुनाव आयोग में उचित पुलिस व्यवस्था है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *