February 18, 2026

ट्रंप टैरिफ का असर : शेयर बाजार में तेज गिरावट

सेंसेक्स 80000 के नीचे फिसला; निफ्टी में भी गिरावट दर्ज

मुंबई, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर लगाए गए 25 फीसदी के टैरिफ को बुधवार को बढ़ाकर 50 फीसदी कर दिया, और इसका असर भारतीय शेयर बाजार पर धीरे-धीरे दिखाई देने लगा। सुबह जब बाजार खुला, तो शुरुआत में ऐसा लगा मानो टैरिफ के फैसले का खास असर नहीं हुआ हो। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही इंडेक्स मामूली गिरावट के साथ खुले और कुछ समय तक रिकवरी की कोशिश करते नजर आए।

सेंसेक्स अपने पिछले बंद 80,543.99 की तुलना में 80,262 पर खुला और कुछ ही मिनटों में 80,421 तक पहुंच गया। लेकिन जैसे-जैसे कारोबार आगे बढ़ा, बाजार पर टैरिफ की मार साफ दिखाई देने लगी और गिरावट तेज हो गई। 11 बजे तक सेंसेक्स 450 अंक से ज्यादा फिसलकर 79,979.05 पर पहुंच गया और फिर और टूटकर 679 अंकों की गिरावट के साथ 79,864.48 पर ट्रेड करता नजर आया।

निफ्टी का भी हाल कुछ ऐसा ही रहा। ये 24,574 के पिछले बंद के मुकाबले मामूली गिरावट के साथ 24,464 पर खुला, फिर थोड़ी देर में 24,542 तक चढ़ा। लेकिन रिकवरी टिक नहीं सकी और देखते ही देखते ये इंडेक्स भी 225 अंक टूटकर 24,354 तक लुढ़क गया।

ट्रंप के टैरिफ का असर सिर्फ इंडेक्स तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि कई बड़ी कंपनियों के शेयरों में भी भारी गिरावट देखने को मिली।

हालांकि एक राहत की बात ये रही कि भारतीय करेंसी रुपया ट्रंप के इस फैसले से बेअसर नजर आई। डॉलर के मुकाबले रुपया 3 पैसे की मजबूती के साथ 87.69 पर खुला।

एक्सपर्ट्स का मानना है कि बाजार पहले से ही ओवरसोल्ड स्थिति में है और निवेशकों ने ट्रंप के टैरिफ से जुड़ी आशंकाओं को पहले ही काफी हद तक पचा लिया है। यही वजह है कि शुरुआती हलचल के बाद गिरावट जरूर आई, लेकिन ये सीमित दायरे में रही और बाजार में किसी बड़े पैैनिक की स्थिति नहीं बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *