February 18, 2026

युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने का प्रभावी माध्यम है खेल: अमन अरोड़ा

संगरूर, पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि राज्य के युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने का सबसे प्रभावी माध्यम खेल हैं। युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने से उनका रुझान नशे से हटकर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ेगा।

रविवार को सुनाम ऊधम सिंह वाला माया गार्डन में तैयार किए गए बैडमिंटन कोर्ट का उद्घाटन करने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई मुहिम को अब जनता का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है।

लोग स्वयं आगे आकर खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रयास कर रहे हैं। इस मैदान के निर्माण से जहां युवा खेलों से जुड़ेंगे, वहीं वे नशे जैसी बुराई से भी दूर रहेंगे।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा राज्य के युवाओं को नशे की बीमारी से बचाने के लिए युद्ध नशों के विरुद्ध नामक अभियान चलाया गया है, जिसे जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।

राज्य सरकार द्वारा नशे से संबंधित हर गतिविधि पर सख्ती से नकेल कसी जा रही है। अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार का लक्ष्य है कि हर गांव को खेल मैदान की सुविधा दी जाए। इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पंजाब के युवा खेलों के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *