March 12, 2026

पंजाब का भारत-पाक सीमा पर एंटी ड्रोन सिस्टम लगाने का फैसला

चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर एंटी ड्रोन सिस्टम लागू करने को मंजूरी प्रदान कर दी है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में भगवंत मान ने कहा कि पठानकोट से लेकर अबोहर तक कुल 532 किलोमीटर का एरिया पाकिस्तान की सीमा से सटा हुआ है। यहां आए दिन ड्रोन के माध्यम से हथियार व नशा भेजा जा रहा है। इससे छुटकारा पाने के लिए एंटी ड्रोन सिस्टम लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस योजना को बीएसएफ के साथ मिलकर लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि पंजाब सरकार ने सड़क हादसे के घायलों को अस्पताल पहुंचाने और उनका मुफ्त इलाज करने के लिए शुरू की गई फरिश्ते योजना का विस्तार कर दिया है। बाॅर्डर एरिया में जमाखोरी रोकने को मंत्री तैनात : हालात सामान्य होने तक राज्य के सीमावर्ती छह जिलों में 12 मंत्रियों को तैनात किया जाएगा। यह मंत्री रोजाना विभिन्न क्षेत्रों में जाकर राशन की दुकानों व अन्य दैनिक उपभोग वाली दुकानों की जांच करेंगे। मंत्रियों द्वारा जांच का काम शुक्रवार से शुरू कर दिया गया है।

पंजाब की 13 जेलों में 5जी जैमर लगाए जाने को मंजूरी प्रदान की गई है। इसके तहत गोइंदवाल, पटियाला, बठिंडा, अमृतसर, संगरूर, फरीदकोट और मुक्तसर साहिब आदि जेलों में जैमर लगाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *