सीएम विंडो संबंधी शिकायतों का समयबद्घ निपटान करें अधिकारी : एसडीएम
एसडीएम रेणुका नांदल ने सीएम विंडो से जुड़े मामलों को लेकर अधिकारियों की बैठक में दिए जरूरी निर्देश
एसडीएम रेणुका नांदल ने कहा कि सीएम विंडो सरकार का फ्लेगशिप कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी समय समय पर सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों की समीक्षा करते हैं। ऐसे में सभी अधिकारी सीएम विंडो से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लें और समयबद्घ निपटान सुनिश्चित करें। हर रोज पोर्टल चैक करें और समय पर एक्शन टेकन रिपोर्ट अपलोड करें। इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसडीएम रेणुका नांदल मंगलवार को अधिकारियों की बैठक में सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर रही थीं। उन्होंने बारी बारी से सभी अधिकारियों से सीएम विंडो से प्राप्त शिकायतों के बारे में जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन सीएम विंडो को एक बार अवश्य खोल कर देखें। शिकायत मिलते ही उसका प्राथमिकता के साथ समाधान सुनिश्चित करें, उसे ओवरडयू न होने दें। जो भी एक्शन टेकन रिपोर्ट बनाएं, वह मजबूत और संतोषजनक होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सभी सबंधित अधिकारी व कर्मचारी सीएम विंडो से संबंधित शिकायतों को रिव्यू करें। इस कार्य को गंभीरता से लेते हुए स्वयं संज्ञान लेकर उस समस्या का समाधान करें और शिकायतकर्ता को भी संतुष्ट करें। उन्होंने कहा कि कई शिकायतें ऐसी होती हैं, जिसमें एक से ज्यादा विभागों की एंगेजमेंट होती है, इसलिए मात्र पत्राचार न करके, फोन या बैठक के माध्यम से आपसी तालमेल के साथ उस समस्या का समाधान करें।
इन विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर तहसीलदार सृष्टि दुहन मलिक, नायब तहसीलदार ऋतु पूनिया, नगरपालिका सचिव ललित गोयल ,बीएओ डॉ अशोक रोहिल्ला, जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ राजीव कुमार, मार्किट कमेटी के सेक्रेटरी संजय फौगाट, पशु पालन विभाग के एसडीओ डॉ ऋषिपाल के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
