December 22, 2025

पानी को लेकर पंजाब और हरियाणा में तनातनी

बीबीएमबी के डायरेक्टर हटाए गए

चंडीगढ़: पंजाब और हरियाणा के बीच पानी को लेकर विवाद जारी है। इस विवाद के बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने साफ कहा है कि हमारे पास किसी को देने के लिए एक बूंद अतिरिक्त पानी नहीं है। एक अन्य अहम घटनाक्रम के तहत भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (बीबीएमबी) ने डायरेक्टर (वाटर रेगुलेशन) इंजी. आकाशदीप सिंह को हटा दिया है। वह पंजाब के कोटे से बीबीएमबी में तैनात थे। उनकी जगह अब इंजी. संजीव कुमार को डायरेक्टर रेगुलेशन लगाया गया है जोकि हरियाणा के कोटे से बोर्ड में नियुक्त हैं। संजीव इससे पहले डैम सेफ्टी के डायरेक्टर थे।

आम आदमी पार्टी के सांसद मालविंदर सिंह कंग ने केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू को आड़े हाथों लेते हुए केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार पर पंजाब के हितों के खिलाफ साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। कंग ने कहा कि पंजाब ने हरियाणा को उसका पूरा हक का पानी दे दिया है, लेकिन अब पंजाब में पानी की कमी के चलते अतिरिक्त पानी देना संभव नहीं है। वहीं, रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि जब पूरा देश पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है, तब सीएम भगवंत मान पानी के मुद्दे पर राज्यों को बांटने का विकल्प चुन रहे हैं। पंजाब के पानी की एक भी बूंद नहीं दी जाएगी, लेकिन यह राजनीतिक दिखावा करने का समय नहीं है। वहीं अमृतसर में पंजाब के पानी के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी ने कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल के नेतृत्व में भाजपा नेता तरुण चुघ के घर के बाहर धरना दिया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ., विधायक डा. इंद्रबीर सिंह निज्जर, मेयर जतिंदर सिंह मोती भाटिया व अन्य नेता उपस्थित थे।

कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि पंजाब का पानी हरियाणा को देने का फैसला कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज तो केवल सांकेतिक विरोध प्रदर्शन है, आने वाले दिनों में कानूनी लड़ाई लड़कर और सड़कों पर उतरकर भी पुरजोर विरोध किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *