February 20, 2026

पहलगाम हमले के दोषियों को सख्त जवाब दिया जाएगा: प्रधानमंत्री

‘मन की बात’ के 121वें एपिसोड में पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 121वें एपिसोड में पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि इस घटना ने देश के हर नागरिक को गहरा दुख पहुंचाया है। मोदी ने कहा कि कश्मीर में शांति की वापसी हो रही थी, जिसे जम्मू-कश्मीर के दुश्मनों ने अपनी साजिश से बाधित करने का प्रयास किया।

‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने पहलगाम हमले की निंदा करते हुए कहा, ‘मन में गहरी पीड़ा है। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुई आतंकी वारदात ने देश के हर नागरिक को दुख पहुँचाया है। पीड़ित परिवारों के प्रति हर भारतीय के मन में गहरी संवेदना है। भले वो किसी भी राज्य का हो, वो कोई भी भाषा बोलता हो, लेकिन वो उन लोगों के दर्द को महसूस कर रहा है, जिन्होंने इस हमले में अपने परिजनों को खोया है। मुझे ऐहसास है, हर भारतीय का खून, आतंकी हमले की तस्वीरों को देखकर खौल रहा है।

पीएम ने आगे जम्मू-कश्मीर की प्रगति के बारे में बात करते हुए कहा, ‘पहलगाम में हुआ ये हमला, आतंक के सरपरस्तों की हताशा को दिखाता है, उनकी कायरता को दिखाता है। ऐसे समय में जब कश्मीर में शांति लौट रही थी, स्कूल-कॉलेजों में एक रौनक थी, निर्माण कार्यों में अभूतपूर्व गति आई थी, लोकतंत्र मजबूत हो रहा था, पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हो रही थी, लोगों की कमाई बढ़ रही थी, युवाओं के लिए नए अवसर तैयार हो रहे थे। देश के दुश्मनों को, जम्मू-कश्मीर के दुश्मनों को, ये रास नहीं आया।’

पीएम मोदी ने कहा कि आतंकी और उनके आकाओं का मकसद कश्मीर को फिर से अशांत करना है, जिसके लिए वे बड़ी साजिशें रचते हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में देश की एकता और 140 करोड़ भारतीयों की एकजुटता हमारी सबसे बड़ी ताकत है, जो हमारी निर्णायक लड़ाई का आधार है।

देश के लोगों से एकजुट होने का आह्वान करते हुए पीएम ने कहा कि हमें देश के सामने आई इस चुनौती का सामना करने के लिए अपना संकल्प और मजबूत करना होगा। हमें एक राष्ट्र के रूप में दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय देना होगा। आज दुनिया देख रही है, इस आतंकी हमले के बाद पूरा देश एक स्वर में बोल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *