मातृ शक्ति वास्तविक अर्थों में राष्ट्र निर्माण की धुरी: संजय अवस्थी
स्वयं सहायता समूहों को उनके उत्पादों का बेहतर मूल्य होगा सुनिश्चित
सोलन, कमल जीत: र्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि मातृ शक्ति वास्तविक अर्थों में राष्ट्र निर्माण की धुरी है और वर्तमान प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिला सशक्तिकरण के लिए निरन्तर प्रयासरत है। संजय अवस्थी गत सांय विकास खण्ड कुनिहार की ग्राम पंचायतों की महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए कुनिहार में आयोजित अलंकार महोत्सव-II के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
संजय अवस्थी ने इस अवसर पर सभी को चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं प्रेषित की और आशा जताई कि यह पर्व जन-जन के जीवन में सुख और समृद्धि का कारक बने।
उन्होंने कहा कि मुख्यमन्त्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू के ऊर्जावान नेतृत्व में प्रदेश सरकार विशेषकर कमजो़र वर्गों की महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से मज़बूत बनाने के लिए कार्य का रही है। उन्होंने कहा कि स्वंय सहायता समूह महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुधारने में महत्वपूर्ण सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित बनाएगी कि स्वयं सहायता समूहों को उनके उत्पादों का बेहतर मूल्य प्राप्त हो।
विधायक ने कहा कि महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमन्त्री सुख-शिक्षा योजना’ के तहत प्रदेश में 01 लाख रुपए से कम वार्षिक आय वाली सभी विधवा महिलाओं के बच्चों की शिक्षा पर होने वाला व्यय प्रदेश सरकार वहन कर रही है। इसके अतिरिक्त विधवा, निराश्रित, तलाकशुदा और अक्षम माता-पिता के सभी पात्र बच्चों के आरडी खाते में 18 वर्ष की आयु तक 1000 रुपए प्रतिमाह प्रदान करने का प्रावधान भी किया गया है।
संजय अवस्थी ने कहा कि वर्तमान में समाज में नशे के बढ़ते प्रचलन को रोकने में भी महिला शक्ति को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने इस अवसर पर सभी से आग्रह किया कि विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार को सहयोग प्रदान करें।
