समस्याओं का त्वरित व प्रभावी समाधान करने में कारगर साबित हो रहे समाधान शिविरः डीसी
जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित हो रहे समाधान शिविर, नागरिक उठाएं लाभ
डीसी प्रदीप दहिया ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में आयोजित हो रहे समाधान शिविर आम नागरिकों और प्रशासन के बीच एक सेतु का काम कर रहे हैं, जो लोगों की समस्याओं को त्वरित और प्रभावी ढंग से हल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डीसी ने कहा कि समाधान शिविर का सबसे बड़ा लाभ यह है कि इस व्यवस्था से शिकायतों का निपटारा समयबद्ध तरीके से किया जाता है, जिससे लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ती। इससे समय की बचत होती है और प्रशासन के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ता है। साथ ही, ये शिविर पारदर्शिता को बढ़ावा देते हैं, क्योंकि शिकायतों का समाधान मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में किया जाता है। समाधान शिविरों को जिला और उपमंडल स्तर पर नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को सरकारी योजनाओं के लाभ लेने में आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान हो।
डीसी प्रदीप दहिया के दिशा-निर्देशन में सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में पुलिस, राजस्व, बैंक, सामाजिक नाया, यूएचबीवीएनएल, ग्रामीण विकास विभाग से जुड़ी समस्याएं लेकर नागरिक पहुंचे। डीआरओ प्रमोद चहल ने समाधान शिविर में समस्याएं सुनी व संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। शिविर में 10 शिकायतें दर्ज हुई। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी शिकायतों पर तुरंत गंभीरता से कार्रवाई करते हुए समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि शिकायतकर्ताओं को राहत मिले।
