February 21, 2026

परंपराओं के पालन के साथ साथ नशे के खात्मे का प्रण भी लें : शिव प्रताप शुक्ल

चार दिवसीय राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव के समापन अवसर पर राज्यपाल ने लोगों से की अपील

रजनीश, सुजानपुर: राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश के लोगों ने अपनी संस्कृति और परम्पराओं को संजोकर रखा है। इसी कारण इस प्रदेश को देवभूमि कहा जाता है।
शनिवार को सुजानपुर के चार दिवसीय राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव की आखिरी सांस्कृतिक संध्या में लोगों को शुभकामनाएं देते हुए शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि सुजानपुर वासियों ने होली की सदियों पुरानी परंपरा एवं संस्कृति को आज भी संजोकर रखा है जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि इस उत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्तर का दर्जा मिलने के बाद इसके स्वरूप को विस्तार मिलेगा।

राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने शिक्षा, जीडीपी ग्रोथ और विकास के अन्य सभी मानकों में बहुत ही सराहनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि विकास एवं समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ने के साथ साथ हमें नशे जैसी गंभीर समस्या के प्रति सचेत रहने की आवश्यकता है। इसलिए, हमें परंपराओं के पालन के साथ साथ नशे के जीवी खात्मे का प्रण लेने की भी आवश्यकता है। इससे पहले, राज्यपाल ने दीप प्रज्ज्वलित करके होली उत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। स्थानीय विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने राज्यपाल का स्वागत किया और चार दिवसीय राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेने के लिए राज्यपाल का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिलाधीश एवं राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष अमरजीत सिंह, राज्यपाल के सचिव सीपी वर्मा, एसपी भगत सिंह ठाकुर, एडीएम राहुल चौहान, मेला अधिकारी एवं एसडीएम संजीत सिंह, मेला पुलिस अधिकारी एवं एएसपी राजेश कुमार, अन्य वरिष्ठ अधिकारी, नगर परिषद और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *