दिल्ली विधानसभा में भारी हंगामा, आम आदमी पार्टी के 21 विधायक 3 दिन के लिए निलंबित
नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा में उपराज्यपाल के अभिभाषण के दौरान भारी हंगामा मचा है। विधानसभा स्पीकर ने आम आदमी पार्टी के 21 विधायकों को तीन दिन के लिए निलंबित कर दिया है। उपराज्यपाल के अभिभाषण के दौरान आम आदमी पार्टी के विधायकों ने खूब हंगामा किया है। जिसके बाद स्पीकर ने सभी को निलंबित कर दिया। बात दें कि आज रेखा गुप्ता सरकार सदन में कैग की रिपोर्ट पेश करने वाली है। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा, “आप विधायकों ने एलजी के अभिभाषण के दौरान बहुत ही असंवैधानिक तरीके से व्यवहार किया। सदन की गरिमा बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है। उनका (आप विधायकों का) व्यवहार निंदनीय है। निलंबन तीन बैठकों – 25, 27 और 28 फरवरी तक वैध है।”
आतिशी ने बीजेपी सरकार पर लगाए आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री और दिल्ली की नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा, “बीजेपी ने सभी कार्यालय से डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की फोटो की जगह पीएम नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगा दी है। क्या बीजेपी को लगता है कि पीएम नरेंद्र मोदी, डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर से बड़े हैं? जब हमने डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर के नाम के नारे विधानसभा में लगाए तो आम आदमी पार्टी के विधायकों को निष्कासित कर दिया गया। जब बीजेपी के विधायकों ने मोदी जी के नारे लगाए तो उन्हें छुआ भी नहीं गया। इसका मतलब है कि बीजेपी को डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की तस्वीर से नफरत है और उनके नाम से नफरत है। इस अहंकार का जवाब देश की जनता उन्हें देगी। “
