February 21, 2026

स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं बन रही आर्थिक रूप से मजबूत

महिलाओं की आर्थिकी सुदृढ़ करने में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का योगदान

ऊना: ऊना जिले में राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत महिलाएं स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी)से जुड़कर अपनी आर्थिकी को सुदृढ़ कर रही हैं। समूह की महिलाएं विभिन्न प्रकार के उत्पाद जैसे आचार, सेपू और मसाला बड़ियां, पापड़, हल्दी, शहद, बडियां, काली गेहूं का दलिया, आटा, चटनी, प्राकृतिक मक्की का आटा सहित अन्य उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य उत्पाद तैयार करती हैं जो न केवल खाने में स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि पोषक तत्वों से भी भरपूर हैं। स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित किए गए उत्पादों की मांग लगातार बाजार में बढती जा रही है जिससे महिलाओं की आर्थिकी में महत्वूपर्ण सुधार हो रहा है।
स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को न केवल स्थानीय बाजार बल्कि बाहरी राज्यों में भी बेचा जाता हैं। समूहों के उत्पादों को ग्रामीण स्तर पर हिमईरा शाॅप के साथ-साथ जिला, राज्य और बाहरी पड़ोसी राज्यों में आयोजित होने वाले मेलों में भी प्रदर्शित किया जाता है। इससे महिलाओं को अपनी मेहनत का अच्छा मूल्य प्राप्त हो रहा है और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है।

ग्राम पंचायत टकारला से राधे कृष्ण समूह की नीलम देवी बताती हैं कि वर्ष 2011 में एनआरएलएम के माध्यम से 10 महिलाओं ने इस समूह से जुड़ने का निर्णय लिया था। शुरूआत में वे अपनी बचत के पैसों को बैंक में जमा करवाती थी। लेकिन समूह के कार्य को आगे बढ़ाने के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ओर से कम ब्याज दरों पर 5 लाख रूपये का लोन तथा 15 हजार रूपये का रिवाॅल्विंग फंड प्राप्त हुआ था। नीलम देवी ने बताया कि समूह ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण से भी पंजीकरण करवाया है ताकि उनके उत्पादों की गुणवता पर कोई सवाल न उठे और विक्रय करने में आसानी रहे। समूह द्वारा तैयार उत्पादों को दिल्ली, गुडगांव, चंडीगढ़ और देहरादून जैसे शहरों में भी बेचा जाता है जिससे उनकी आय में काफी बढ़ौत्तरी हुई है। समूह के माध्यम से हुए मुनाफे से उन्होंने अपने पति को दुकान का कारोबार खोला है तथा दो बच्चों की पढ़ाई लिखाई का खर्च भी समूह के माध्यम से अर्जित हुई आय से हो रहा है।

राधे कृष्णा समूह की सचिव जीवन लता कहती हैं कि समूह ने 20 रुपये की बचत राशि से समूह चलाना शुरू किया था। कुछ समय बाद बैंक लोन और रिवॉल्विंग फंड से महिलाओं ने गाय-भैंस खरीद कर दूध, दही, पनीर और घी के जरिए अपनी आजीविका कमाना आरंभ किया था। उन्होंने बताया कि दिल्ली में प्रदर्शित किए गए उत्पादों से समूह को लगभग 2 लाख के करीब आय अर्जित हुई है। इसके अलावा प्रदेश में आयोजित होते हुए सार्स मेलों में लगभग डेढ़-डेढ़ लाख रूपये की इनकम राधे कृष्णा समूह को प्राप्त हुई जिससे उनका मनोबल बढ़ा और इस कार्य को आगे ले जाने के लिए प्रोत्साहन मिला। इसके अलावा समूह द्वारा अब मोमोज और सिड्डू बनाने का जल्द शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *