अलास्का विमान हादसे में मारे गए सभी 10 लोगों के शव बर्फ में दबे मिले
नोम : अलास्का के बेरिंग सागर में दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान में सवार सभी 10 लोगों के शव बर्फ से बरामद कर लिए गए हैं। नोम वालंटियर दमकल विभाग ने शनिवार को यह जानकारी दी। दमकल विभाग ने अपने फेसबुक पेज पर बताया कि बर्फीली आंधी आने से पहले बचाव दलों ने शवों को बर्फ से निकालने का कार्य पूरा कर लिया। एक सोशल मीडिया पोस्ट में विभाग ने कहा, “बेरिंग विमान हादसे में मारे गए सभी 10 लोगों के शव निकाल लिए गए हैं।” विमान को निकालने के प्रयास अभी जारी हैं।
अलास्का नागरिक सुरक्षा विभाग के अनुसार, बेरिंग एयर का विमान गुरुवार दोपहर उनालाक्लीट से नोम के लिए रवाना हुआ था। विमान का मलबा शुक्रवार को बर्फ से ढके समुद्र में मिला था।
बेरिंग एयर के संचालन निदेशक डेविड ओल्सन ने बताया कि सेसना कारवां विमान ने दोपहर 2:37 बजे उनालाक्लीट से उड़ान भरी थी और लगभग एक घंटे बाद उससे संपर्क टूट गया था। नेशनल वेदर सर्विस के अनुसार, उस समय क्षेत्र में हल्की बर्फबारी और कोहरा था, और तापमान -8.3 डिग्री सेल्सियस था।
अमेरिकी कोस्ट गार्ड के अनुसार, विमान में अधिकतम 10 लोग सवार हो सकते थे। रडार डेटा से पता चला है कि विमान की गति अचानक बढ़ गई थी और वह ऊपर की ओर जाने लगा था। फिलहाल विमान दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। विमान का मलबा उसकी अंतिम ज्ञात लोकेशन के आधार पर खोजा गया, जिसके बाद समुद्री बर्फ में शवों की तलाश शुरू की गई। विमान में एक इमरजेंसी ट्रांसमीटर भी लगा था, लेकिन दुर्घटना के दौरान उससे कोई सिग्नल नहीं भेजा गया।
