February 12, 2026

अमेरिका से अवैध भारतीय प्रवासियों का निर्वासन शुरू

सैन्य विमान के जरिए भेजा जा रहा भारत

वाशिंगटन : ट्रंप प्रशासन की सख्त आव्रजन नीतियों के तहत अमेरिका ने भारतीय प्रवासियों को सैन्य विमान के जरिए भारत भेजा है। एक अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, यह अब तक की सबसे लंबी दूरी की सैन्य निर्वासन उड़ान है।

गोपनीयता की शर्त पर अधिकारी ने बताया कि एक सी-17 सैन्य विमान प्रवासियों को लेकर भारत के लिए रवाना हुआ, जो अगले 24 घंटे के भीतर गंतव्य पर पहुंचेगा। ट्रंप प्रशासन आव्रजन नियंत्रण के लिए सैन्य संसाधनों का तेजी से उपयोग कर रहा है, जिसमें अतिरिक्त सैन्य बलों की तैनाती, सैन्य विमानों से निर्वासन, और प्रवासियों के लिए सैन्य ठिकानों का उपयोग शामिल है।

अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) ने टेक्सास और कैलिफोर्निया में हिरासत में लिए गए 5,000 से अधिक प्रवासियों को निकालने के लिए सैन्य उड़ानों की सहायता भी शुरू की है।

अब तक सैन्य विमानों से ग्वाटेमाला, पेरू और होंडुरास में प्रवासियों को निर्वासित किया गया है। सैन्य उड़ानों से निर्वासन बेहद महंगा साबित हो रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ग्वाटेमाला भेजे गए प्रवासियों की एक सैन्य उड़ान का खर्च प्रति व्यक्ति 4,675 डॉलर (लगभग 3.9 लाख रुपये) आंका गया था।

ट्रंप प्रशासन अवैध प्रवासियों पर ज़ीरो टॉलरेंस पॉलिसी अपना रहा है, जिससे भविष्य में और भी प्रवासियों के निर्वासन की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *