शाहीन बाग में बोले ओवैसी, मोदी और केजरीवाल भाई भाई
नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनावों में ओखला और मुस्तफाबाद विधानसभा सीट से अपने उम्मीदवारों को जिताने के लिए पूरा जोर लगा रहे एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच ज्यादा अंतर नहीं है और वे एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। ओखला निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार शिफा-उर-रहमान के लिए प्रचार करते हुए ओवैसी ने कहा कि मोदी और केजरीवाल भाई जैसे हैं, एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों आरएसएस की विचारधारा से निकले हैं- एक इसकी शाखा से और दूसरा इसकी संस्थाओं से। ओवैसी उसी शाहीन बाग इलाके में रैली को संबोधित कर रहे थे जो कि सीएए के खिलाफ आंदोलन का केंद्र रहा था। ओवैसी की रैली के दौरान कुछ समय के लिए हंगामा भी हुआ। ओवैसी ने शाहीन बाग में पैदल मार्च भी किया और जनता से पांच फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी के चुनाव चिह्न पतंग का बटन दबाने का आग्रह किया।
ओवैसी ने ओखला से अपने उम्मीदवार शिफा-उर-रहमान के लिए प्रचार करते हुए कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल जमानत पा सकते हैं और छह महीने बाद चुनाव लड़ सकते हैं, तो हम शिफा को जेल के अंदर से जिताएंगे। आपको बता दें कि ओवैसी की पार्टी ने मुस्तफाबाद से ताहिर हुसैन और ओखला से शिफा-उर-रहमान को मैदान में उतारा है। दोनों 2020 के दिल्ली दंगों के मामलों में जेल में हैं। ओखला से आम आदमी पार्टी के स्थानीय विधायक अमानतुल्ला खान एक बार फिर से चुनाव मैदान में हैं।
ओवैसी ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को मुस्लिम हितों के खिलाफ काम करने वाली पार्टी करार देते हुए अरविंद केजरीवाल पर खासतौर से बड़ा निशाना साधा। ओवैसी ने केजरीवाल को ओखला की गलियों में आने की चुनौती देते हुए कहा कि यहां के लोग उन पर चप्पलें बरसाएंगे। उन्होंने कहा कि दस साल से आम आदमी पार्टी की सरकार है लेकिन यहां सड़कों में गड्ढे और हर जगह बदहाली दिख रही है। ओवैसी ने कहा कि मैं यहां आया तो मुझ पर फूल बरसाये गये लेकिन केजरीवाल यहां आये तो लोग उन पर चप्पलें बरसाएंगे।
