February 15, 2026

हमें दिल्ली को आप-दा से मुक्त कराना है: प्रधानमंत्री

कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से वर्चुअली संवाद में प्रधानमंत्री ने दिया जीत का मंत्र

नई दिल्ली: दिल्ली चुनाव में लगे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वर्चुअली संवाद किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के आप सभी बूथ कार्यकर्ताओं से बात करना मेरे लिए बहुत ही खुशी का अवसर है। क्योंकि सालों तक मुझे इस काम में बड़ा आनंद रहा है और स्वाभाविक है कि ऐसे कार्यक्रम का मैं हमेशा इंतजार करता रहता हूं। हजारों बूथ कार्यकर्ताओं ने इस कार्यक्रम के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से ढेर सारे सुझाव रखे हैं। नमो एप के माध्यम से भी हजारों सवाल आए हैं। ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत’ केवल एक कार्यक्रम नहीं है। ये भाजपा की जीवंतता, भाजपा की जड़ों की ताकत और जिन जड़ों से भाजपा का विस्तार हुआ है, उसके मूल में आप सब कार्यकर्ताओं ने जिसे अपना जीवन मंत्र बनाया है, वो है ‘ मेरा बूथ-सबसे मजबूत’।

पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली के बूथ स्तर के भाजपा कार्यकर्ता की क्या ताकत है, ये किसी से छुपा नहीं है। इस बार आपने दिल्ली के हजारों बूथ जीते, तब जाकर सातों सीटों पर भाजपा विजयी हुई है। मुझे पक्का विश्वास है कि दिल्ली में ये जो संगठन की ताकत है, हर बूथ पर तीन-तीन, चार-चार पीढ़ी के कार्यकर्ता हैं, यही शक्ति इस बार विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को प्रचंड विजय दिलाएगी। मुझे विश्वास है कि अपने-अपने बूथ पर आप जो मेहनत कर रहे हैं, उसके चलते आप भारी विजय प्राप्त करने ही वाले हैं। इस चुनाव में सिर्फ विजय काफी नहीं है।

भाजपा की जीत पक्की करने के लिए दिल्ली की जनता पक्के निर्णय के साथ निकल पड़ी है। साथियों, आपको 5 फरवरी को दिल्ली के लोगों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में पोलिंग बूथ तक पहुंचाना है। ठंड कितनी ही क्यों न हो, हमें सुबह से ही मतदान की तीव्रता को बढ़ाना है। हमें याद रखना है कि सबसे बड़ा लक्ष्य भाजपा सरकार बनाने का है। दिल्ली को आप-दा ने जिन मुसीबतों और संकटों में डाला हुआ है, हमें दिल्ली को उनसे मुक्त कराना है। जब ऐसा होगा, तभी दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाने का संकल्प सिद्ध हो पाएगा। दिल्ली वाले आप वालों की आप-दा और उनके झूठ एवं फरेब से अब ऊब चुके हैं। पहले कांग्रेस ने और फिर आप वालों की आप-दा ने दिल्ली के लोगों से बहुत विश्वासघात किया है। ये आप-दा वाले अब हर दिन एक नई घोषणा कर रहे हैं। इसका मतलब है कि उनको रोज पराजय की नई-नई खबरें मिल रही हैं। ये इतने डरे हुए हैं कि इन्हें रोज सुबह एक नई घोषणा करनी पड़ रही है। लेकिन अब दिल्ली की जनता इनका खेल समझ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *