आम आदमी पार्टी के दो पार्षद और पूर्व विधायक भाजपा में हुए शामिल
नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर राजधानी में सियासी हलचल जारी है। इन सबके बीत आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। आप के दो पार्षद, पूर्व विधायक बीजेपी में शामिल हो गए हैं। भजनपुरा से निगम पार्षद रेखा रानी और ख्याला से पार्षद शिल्पा कौर बीजेपी में शामिल हुईं। इसके साथ ही 2015-20 में घोंडा से विधायक रहे श्रीदत्त शर्मा ने भी आम आदमी पार्टी को अलविदा कह दिया। उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया है। वहीं, संजय सिंह के सांसद प्रतिनिधि चौधरी विजेंद्र भी बीजेपी में शामिल हो गए।
ये नेता पार्टी में हर्ष मल्होत्रा, मनोज तिवारी और कमलजीत सहरावत की मौजूदगी में शामिल हुए। इससे पहले आम आदमी पार्टी (आप) के कई नेता और सदस्य प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। मॉडल टाउन विधानसभा के कमला नगर वार्ड से दो बार चुनाव लड़ चुके कपिल नागर बीजेपी में शामिल हो गए। उनके साथ आम आदमी पार्टी के 100 से ज्यादा कार्यकर्ता भी बीजेपी में शामिल हुए।
इस बीच, कई आप कार्यकर्ता भाजपा के रमेश बिधूड़ी की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गए, जो दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कालकाजी विधानसभा से भाजपा के उम्मीदवार हैं। दिल्ली में 5 फरवरी को मतदान होगा और वोटों की गिनती 8 फरवरी को होगी। दिल्ली में सत्तारूढ़ आप, भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है। दिल्ली में लगातार 15 साल तक सत्ता में रहने वाली कांग्रेस को पिछले दो विधानसभा चुनावों में झटका लगा है और वह एक भी सीट जीतने में नाकाम रही है। 2020 के विधानसभा चुनाव में आप ने दबदबा बनाते हुए 70 में से 62 सीटें जीतीं, जबकि बीजेपी को आठ सीटें मिलीं।
