कोहरे की घनी चादर में लिपटा उत्तर भारत
हवाई, रेल व सड़क यातायात प्रभावित
नई दिल्ली: उत्तर भारत में घने कोहरे और शीतलहर ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में कोहरे और ठिठुरन का प्रकोप जारी है। कोहरे के कारण दृश्यता शून्य तक पहुंच गई, जिससे परिवहन व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है।मौसम का बड़ा बदलाव संभावित
भारत मौसम विभाग के अनुसार, 11-12 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इससे मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव होगा। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, और उत्तर प्रदेश में छिटपुट बारिश के साथ दक्षिण हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है।
घने कोहरे के कारण दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 100 से अधिक उड़ानें देरी से चल रही हैं। कई उड़ानें रद्द भी करनी पड़ी हैं।
रेल यातायात पर भी कोहरे का गहरा असर पड़ा है। उत्तर भारत में कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस महीने का तीसरा बड़ा पश्चिमी विक्षोभ शुक्रवार को पहाड़ों पर पहुंच रहा है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली नम हवाओं के कारण 11 जनवरी से पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में बादल छा सकते हैं। हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी की संभावना है।
