केवल लोकसभा चुनाव के लिए था इंडी गठबंधन: पवन खेड़ा
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ विपक्षी दलों द्वारा बनाए गए इंडी गठबंधन के विभिन्न घटक दलों द्वारा दिल्ली चुनावों में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को अलग-अलग समर्थन देने पर अब गठबंधन के अस्तित्व पर ही सवाल खड़े हो गए हैं। कांग्रेस ने तो आज कह दिया है कि विपक्षी गठबंधन केवल लोकसभा चुनावों के लिए था और अब अस्तित्व में नहीं है। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि इंडिया ब्लॉक वास्तव में लोकसभा चुनावों के लिए बनाया गया था और राष्ट्रीय स्तर पर काम करता है। क्षेत्रीय चुनावों के लिए, पार्टियां आपस में तय करती हैं कि संयुक्त रूप से लड़ना है या अकेले लड़ना है। इससे पहले बुधवार को राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा था कि सहयोगी दलों ने यह निर्णय लिया है कि केवल लोकसभा चुनाव के लिए ही उक्त गठबन्धन बनाया जाएगा।
पवन खेड़ा की टिप्पणी के तुरंत बाद, भाजपा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यह अपेक्षित था। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि हमने पहले ही कहा था कि ये सभी पीएम मोदी के डर से एक साथ आए हैं। पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि इंडी गठबंधन का गठन सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए और भाजपा के विजय रथ को रोकने के लिए किया गया था। अब इसका कोई महत्व नहीं है। यही कारण है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच कलह अप्रत्याशित नहीं है। गठबंधन में शामिल पार्टियों के बीच दरार तब आ गई थी जब आम आदमी पार्टी ने गठबंधन में शामिल अन्य पार्टियों से कांग्रेस को हटाने का आग्रह किया था।
