February 15, 2026

केंद्र सरकार को हरियाणा की खापों का अल्टीमेटम

जगजीत डल्लेवाल से बातचीत करने के लिए 9 जनवरी तक का समय दिया

अम्बाला: फसलों की खरीद के न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी के कानून की मांग को लेकर शंभू और खनौरी बॉर्डर पर आंदोलन चल रहा है। इसी मांग को लेकर किसान नेता जगजीत डल्लेवाल खनौरी बार्डर पर आमरण अनशन पर बैठे हुए है। वहीं, इसी बीच अब हरियाणा की 102 खाप पंचायतों ने केंद्र सरकार को आमरण अनशन पर बैठे जगजीत डल्लेवाल से बातचीत करने के लिए 9 जनवरी तक का अल्टीमेटम दे दिया है।

खाप प्रतिनिधियों ने सरकार के सख्त शब्दों में चेतावनी दी है। खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो इसी दिन यानी 9 जनवरी को मुजफ्फरनगर में देश की सभी खापों की महापंचायत बुलाई जाएगी। जिसमें कड़े फैसले लिए जाएंगे। हिसार के बास गांव में 5 घंटे तक चली महापंचायत में खापों ने किसानों के एकजुट होने तक किसान आंदोलन का समर्थन करने से इनकार कर दिया है। खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि अगर आंदोलन कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा सांझी एकता के लिए बुलाएंगे तो खापों की 18 मेंबरी कमेटी सबको एक प्लेटफार्म पर लाने के लिए जाएगी।

बता दें कि पिछले 10 महीने से पंजाब के 2 किसान संगठन फसलों की खरीद के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी के कानून की मांग को लेकर शंभू और खनौरी बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर किसान नेता जगजीत डल्लेवाल खनौरी बॉर्डर पर 34 दिन से आमरण अनशन पर बैठे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *