February 19, 2026

दिल्ली के कुछ हिस्सों में छाया रहा घना कोहरा

न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में बुधवार को सुबह घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता घटकर 100 मीटर रह गई और न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 1.5 डिग्री कम है।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। राष्ट्रीय राजधानी में सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 100 प्रतिशत रहा। आईएमडी ने बताया कि सफदरजंग और पालम में सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता घटकर 100 मीटर रह गई।

मौसम विभाग ने दिन में कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया और अधिकतम तापमान के 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 333 यानी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। दिल्ली के 36 निगरानी केंद्रों में से मुंडका ने वायु गुणवत्ता को ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया, जबकि कुछ केंद्रों में इसे ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *