February 19, 2026

प्रधानमंत्री मोदी को दिया गया कुवैत का सर्वोच्च सम्मान

पीएम कुवैत दौरे के दूसरे दिन सर्वोच्च सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ मुबारक अल कबीर’ से सम्मानित

कुवैत सिटी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कुवैत दौरे के दूसरे दिन सर्वोच्च सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ मुबारक अल कबीर’ से सम्मानित किया गया। पीएम मोदी ने कुवैत के अमीर शेख मेशल अल-अहमद अल-जबर अल-सबा से यह सम्मान हासिल किया। बता दें कि ऑर्डर ऑफ मुबारक अल कबीर कुवैत का एक नाइटहुड सम्मान है।

यह सम्मान मित्रता के प्रतीक के तौर पर राष्ट्राध्यक्षों और विदेशी शाही परिवारों के सदस्यों को दिया जाता है। पीएम मोदी से पहले यह सम्मान बिल क्लिंटन, प्रिंस चार्ल्स और जॉर्ज बुश जैसी हस्तियों को दिया जा चुका है।

कुवैत की सरकारी समाचार एजेंसी कुना के मुताबिक भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह पुरस्कार दोनों देशों के बीच अच्छे संबंधों को मजबूत करने की खातिर दिया गया है। आपको बता दें कि किसी देश द्वारा पीएम मोदी को दिया गया यह 20वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।

रविवार को कुवैत के बयान पैलेस में प्रधानमंत्री मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। प्रधानमंत्री कुवैती अमीर शेख मेशल अल-अहमद अल-जबर अल-सबा के निमंत्रण पर दो दिवसीय यात्रा पर शनिवार को कुवैत पहुंचे हैं।

पीएम मोदी से पहले आखिरी बार 1981 में इंदिरा गांधी ने कुवैत की यात्रा की थी। 43 साल बाद भारतीय प्रधानमंत्री का यह कुवैत दौरा ऐतिहासिक माना जा रहा है। अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को कुवैती अमीर शेख मेशल अल-अहमद अल-जबर अल-सबा के लंबी वार्ता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *