नंगल में जंगली जानवरों के शिकार की बढ़ रही है घटनाएं
एक और बारह सिंगा मारा गया
संदीप गिल, नंगल: नंगल और समीपवर्ती क्षेत्र में कुछ शिकारी रात के अंधेरे में हथियारों और शिकारी कुत्तों के साथ शिकार करने से बाज नहीं आ रहे हैं। हालांकि देश में जंगली जानवरों के शिकार पर कड़ा प्रतिबंध है और इस बारे कड़े कानून होने के कारण सख्त सजा का भी प्रावधान है। इसके बावजूद शिकारी इनका शिकार करने से बाज नहीं आ रहे हैं। नंगल में हाल ही में जंगली जीव सुरक्षा विभाग को एक बार फिर से दो घटनाओं का सामना करना पड़ा है। पहले गोलियों से छलनी एक जंगली सुअर की डेडबॉडी और अब गोली से मारा गया एक बारह सिंगा मिला है।
कल जंगली जीव सुरक्षा विभाग को जानकारी मिली कि नंगल के फोकल प्वाइंट के पास एक मरा हुआ बारह सिंगा पड़ा है। जैसे ही विभाग की टीम उस स्थान पर पहुंची, उन्हें एनएफएल अस्पताल के समीप एक और बारह सिंगा की गोली से छलनी डेडबॉडी मिली। विभाग की टीम ने गार्ड जसवीर चौधरी के नेतृत्व में मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोष्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कराया।
सूत्रों के मुताबिक, गोली से मारे गए बारह सिंगा के शरीर में गोलियों के 5-6 निशान थे, जबकि एक और बारह सिंगा वाहन की चपेट में आकर मारा गया था, जिसकी हेड इंजरी पाई गई। पोष्टमार्टम रिपोर्ट के बाद इस घटना की पूरी जानकारी सामने आएगी।
