किसानों की मांगों को लेकर केंद्र कर सकता है कोई बड़ी घोषणा
चंडीगढ़: पिछले कई दिनों से शंभू और खनौरी बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, कृषि मंत्री शिवराज सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने एक बैठक की है। इसमें प्रधानमंत्री मोदी को किसान आंदोलन के बारे में जानकारी दी गई। पिछले 20 दिनों से आमरण अनशन कर रहे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल से मुलाकात करने के लिए आज केंद्रीय गृह निदेशक मयंक मिश्रा को भेजा है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव मयंक मिश्रा को लेकर खनौरी बॉर्डर पहुंचे जहां मुलाकात कर उन्होंने किसानों की मांगों के बारे में जानकारी ली। मयंक मिश्रा ने कहा कि उन्होंने किसानों की मांगों के बारे में जानकारी ली है। बता दें कि पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट ने डल्लेवाल को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के आदेश दिए थे। आज प्रधानमंत्री मोदी के इस विषय पर सक्रिय होने के बाद माना जा रहा है कि केंद्र सरकार की तरफ से किसानों की मांगों को लेकर कोई बड़ी घोषणा की जा सकती है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि डल्लेवाल की जान कीमती है। हम सब के साथ लेकर बातचीत को आगे बढ़ने का माहौल बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह निदेशक भी उनके साथ आए हैं व वे किसानों की मांगों को केंद्र को भेजेंगे। खनोरी बॉर्डर पर मरण व्रत पर बैठे जगजीत डल्लेवाल की सेहत में लगातार गिरावट आ रही है। डॉक्टरों का कहना है कि उनका 12 किलो से अधिक वजन कम हो चुका है। उनकी किडनी डैमेज होने और लीवर को भी नुकसान होने का खतरा है क्योंकि वह कैंसर पेशेंट भी है। ऐसे में उनकी सेहत बहुत चिंताजनक बनी हुई है। इसके बावजूद भी वह कोई दवाई नहीं ले रहे हैं। दो दिन पहले सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और पंजाब सरकार को निर्देश दिया था कि वह तुरंत डल्लेवाल को डॉक्टरी मदद उपलब्ध करवाए। उधर किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने संयुक्त किसान मोर्चा के सभी संगठनों को आंदोलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।
