February 23, 2025

गीता का सार मानव जीवन का आधारः डीसी

🔸जीवन में मैनेजमेंट सिखाती है गीता, गीता महोत्सव अध्यात्म व संस्कृति का अनूठा संगमः बोले डीसी

🔸कलाकारों ने श्रीकृष्ण के उपदेशों ने बांधा समां

🔸डीसी प्रदीप दहिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया महोत्सव का शुभारंभ

🔸दर्शकों की भागीदारी से महोत्सव में बना उत्साहपूर्ण व अद्वितीय माहौल


महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम में तीन दिवसीय जिला स्तरीय गीता महोत्सव का भव्य रूप से आगाज हुआ। श्रीमद्भगवद्गीता के दिव्य संदेश से सजी तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का उद्घाटन उपायुक्त प्रदीप दहिया ने दीप प्रज्वलन के साथ किया। महोत्सव के पहले ही दिन सांस्कृतिक और धार्मिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। डीसी ने स्टेडियम प्रांगण में लगी विभिन्न विभागों व सामाजिक संस्थाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। महोत्सव में देर शाम तक भक्ति व संस्कृति से ओतप्रोत अनेक रंगारंग प्रस्तुतियां दर्शकों के समक्ष प्रस्तुति हुई व दर्शकों के उत्साह और सहभागिता ने इसे और भी अद्वितीय बना दिया।

महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम को गीता महोत्सव के उपलक्ष्य में गीतापुरम नाम दिया गया है। गीता की थीम के अनुसार स्टेडियम के प्रांगण को भव्य तरीके से सजाया गया है। पहले दिन की शुरुआत कन्या गुरुकुल सिद्धीपुर लोवा की छात्राओं द्वारा किए गए हवन यज्ञ के साथ हुई। स्टेडियम पहुंचने पर ढोल, नगाड़ों व बीन की लोक धुनों के साथ उपायुक्त का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में एडीसी सलोनी शर्मा कार्यक्रम में शामिल हुई। कार्यक्रम का विधिवत रूप से शुभारंभ करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीसी प्रदीप दहिया ने कहा कि गीता विश्व को शांति और सत्य का मार्ग दिखाने वाला ग्रंथ है। यह महोत्सव हमें गीता के अमर संदेशों को समझने और उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने का अद्वितीय अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि ये प्रदेशवासियों के लिए गर्व का विषय है कि हम ऐसी धरती पर जन्मे हैं जहां श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का संदेश दिया था। डीसी ने कहा कि गीता का ज्ञान जीवन के मैनेजमेंट में भी काम आती है। गीता महोत्सव अध्यात्म व संस्कृति का अनूठा संगम है जिसमें सभी वर्गों की शानदार भागीदारी देखने को मिल रही है। गीता महोत्सव के दौरान अनेक स्कूलों व संस्थाओं की प्रस्तुति आयोजित हुई। कार्यक्रम में सीटीएम प्रवेश कादयान, डीआईपीआरओ सतीश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश खन्ना, डीएसओ ललिता मलिक, महेंद्र मास्टर, संजय शर्मा सहित अन्य अधिकारी व कलाकार मौजूद रहे।
स्टेडियम में लगी प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों की तीन दर्जन से अधिक स्टॉल लगाई गई हैं। इसके अतिरिक्त धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं की स्टॉल भी प्रदर्शनी की शोभा को बढ़ा रही हैं। प्रदर्शनी में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, इस्कॉन, स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी, गुरुकुल महाविद्यालय, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, नाबार्ड हस्तशिल्प, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी, आयुष, कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण, कृषि एवं किसान कल्याण, उद्यान, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम, जिला अग्रणी बैंक, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा, आर्ट ऑफ लिविंग,खादी एवं ग्रामोद्योग, पतंजलि, जिला उद्योग केंद्र, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, व खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग सहित अन्य विभागों की स्टॉल शामिल हैं।

बॉक्सः
श्रीकृष्ण उपदेश का सेल्फी प्वाइंट बना आकर्षण
स्टेडियम में बनाए गए गीतापुरम में गीता थीम पर आधारित सेल्फी प्वॉइंट भी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र है। यहाँ भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गए उपदेशों की झलक को खूबसूरती से प्रदर्शित किया गया है। इस पृष्ठभूमि में दर्शक बड़े उत्साह से सेल्फी लेते नजर आए।

बॉक्सः
लोकप्रिय कलाकारों की मौजूदगी ने बढ़ाया उत्साह
महोत्सव में लोकप्रिय गायकों और नृत्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शक तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत करते रहे। हर प्रस्तुति के बाद लोग कलाकारों को बधाई देने और उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए आतुर दिखे। महोत्सव के पहले दिन जोगिंद्र कुंडू, दामीनी एंड पार्टी, लीला सैनी सहित अनेक कलाकारों ने समा बांधा।