जल शक्ति विभाग ने 3 साल के एक साथ भेज दिए पानी के बिल
भारी भरकम बिल आने से उपभोक्ता हो रहे परेशान
अजय कुमार,बंगाणा,
जल शक्ति विभाग ने उपभोक्ताओं को पानी के बिल एक साथ थमा दिए हैं। पानी के बिलों की भारी-भरकम राशि होने से उपभोक्ता असमंजस की स्थिति में हैं। कई उपभोक्ताओं का पानी का बिल दो से तीन हजार के बीच आ गया है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि विभाग द्वारा पानी के बिल 3 वर्षों के एक साथ भेज दिए हैं। एक साथ पानी के बिल आने से उपभोक्ताओं को यह बिल जमा कराने में दिक्कत आ रही है। जल शक्ति विभाग की ओर से उपमंडल बंगाणा के लगभग 3 साल के बाद आए पानी के बिलों को देखकर लोगों को जोर का झटका धीरे से लग रहा है। हजारों रुपए के बिल हजारों लोगों के हाथ में एकाएक विभाग के कर्मचारियों द्वारा थमा दिए गए हैं। गर्मी के मौसम में हजारों उपभोक्ताओं को पसीने छूटने लगे हैं क्योंकि हजारों रुपए के बिल लोगों के हाथ में एकाएक विभाग के कर्मचारियों द्वारा थमा दिए गए हैं। और 15 दिन के अंदर इनकी अदायगी करने के भी निर्देश जारी हो गए हैं। भारी भरकम पेनल्टी भी लोगों के गले की फांस बन गई है। लोग आसमान छू रही महंगाई से वैसे ही बुरी तरह से निराश और हताश हैं। ऐसे में लगभग 3 साल के बाद यह जल शक्ति विभाग का फरमान लोगों के लिए बज्रपात से कम नहीं है। लोगों में हड़कंप मच गया है और लोग आपस में चर्चा करने पर मजबूर हो गए हैं कि किस तरह से यह भारी-भरकम बिल अदा किए जा सकेंगे। उपमंडल के लोगों ने हिमाचल प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व विधायक देवेंद्र कुमार से मांग की है कि पानी के इन भारी-भरकम बिलों को माफ किया जाए अन्यथा किस्तों में अदा करने की सुविधा उपभोक्ताओं को दी जाए। इस संबंध में विभाग के सहायक अभियंता अमन जमवाल ने कहा कि एक तो विभाग के पास क्लर्क नहीं है व पानी के बिल पिछले वर्ष भी भेजे गए थे लेकिन कई उपभोक्ता जमा नहीं करवा पाए उन्हें 3 वर्ष के बिल भेजे जा रहे हैं।
