महाराष्ट्र में बस पलटने से हुए हादसे में 10 लोगों की मौत, 30 जख्मी
मुंबई: महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में शुक्रवार को भीषण हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा महाराष्ट्र राज्य परिवहन की शिवशाही बस के पलटने से हुआ। पुलिस ने बताया कि भंडारा से गोंदिया जा रही एसटी बस के चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे बस पलट गई और दस लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई यात्री गंभीर तौर पर घायल हुए है।गोंदिया पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि जिले के बिंद्रावन टोला गांव के पास राज्य परिवहन की एक बस आज अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में लगभग 30 लोग घायल हुए हैं और उन्हें इलाज के लिए गोंदिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटनास्थल से सामने आये वीडियो में बस के आसपास भारी भीड़ दिखाई दे रही है, जबकि कुछ पीड़ित वाहन के करीब बैठे है। घायलों की सहायता के लिए स्थानीय प्रशासन एम्बुलेंस के साथ मौके पर मौजूद है। क्रेन की मदद से बस को हटाया जा रहा हैं।
