February 19, 2026

पद की लालसा नहीं, बीजेपी का सीएम मंजूर: शिंदे

बोले, मैंने चीफ मिनिस्टर नहीं, बल्कि एक कॉमन मैन बनकर काम किया

थाणे: महाराष्ट्र का अगला सीएम भाजपा का हो सकता है। महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद को लेकर सस्पेंस के बीच कार्यवाहक मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने आज थाणे में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने इतनी बड़ी जनादेश के लिए महाराष्ट्र की जनता को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मुझे पद की लालसा नहीं है प्रधानमंत्री मोदी जो फैसला लेंगे वह मुझे मंजूर है। उन्होंने कहा कि लोगों ने महायुती को विकास के काम के लिए अपना समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि जो काम महा विकास आघाडी ने रोक दिया था, उसे हमने फिर से शुरू किया और इसी वजह से जनता का समर्थन हमें हासिल हुआ। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं ने भी जबरदस्त मेहनत की। उन्होंने कहा कि मैं चीफ मिनिस्टर नहीं, बल्कि एक कॉमन मैन बनकर काम किया। आम लोगों को जहां-जहां प्रॉब्लम होती है, उसको हमने समझने के बाद काम किया।

शिंदे ने साफ तौर पर कहा कि मैं कभी अपने आप को सीएम नहीं समझा। हमने आम आदमी बनकर काम किया। यही कारण है कि हमने तमाम बड़ी योजनाओं पर काम किया। हम लाड़की बहन योजना लेकर आए। हमने परिवार के हर सदस्य को सरकार की ओर से कुछ ना कुछ देने का काम किया। उन्होंने कहा कि हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह का पूरा समर्थन था। दोनों ने हमें जनता के लिए काम करने को कहा था और हमने किया। उन्होंने हमें मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी दी और मैं हर क्षण जनता के लिए काम किया। हमने केंद्र की मदद से राज्य की प्रगति के स्तर को बढ़ाया।

शिंदे ने कहा कि लाडकी बहनों का मैं लाडका भाई हूं। उन्होंने हमें चुनाव के समय याद रखा। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि हम मिलकर काम करने वाले लोग हैं। कौन कहां गया, क्या हुआ, इस पर हम चर्चा नहीं करते हैं। हमने महाराष्ट्र को एक नंबर बनाने का काम किया। प्रधानमंत्री हमारे साथ चट्टान की तरह खड़े रहे। मेरे लिए मेरा ढाई साल ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने दावा किया कि मैं जो भी काम करूंगा, वह महाराष्ट्र की जनता के लिए करूंगा। उन्होंने बार-बार जोर दिया कि हमने काफी मेहनत की इसलिए शानदार जीत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *