February 15, 2026

अमन अरोड़ा आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रधान नियुक्त

शैरी कलसी बने उप-प्रधान

चडीगढ़: आम आदमी पार्टी ने कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा को नया पंजाब प्रधान और विधायक अमनशेर सिंह शैरी कलसी को उप-प्रधान घोषित किया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पिछले दिनों पंजाब में चार सीटों पर चल रहे उपचुनाव में प्रचार के दौरान प्रधान पद छोड़ने की इच्छा जताई थी। तभी से यह अटकलें लगनी शुरू हो गई थी कि पार्टी किसी नए नेता को यह जिम्मेदारी सौंप सकती है। पार्टी में लंबे समय से हिंदू चेहरे को आगे लाने की चर्चा चल रही थी।

अमन अरोड़ा न सिर्फ हिंदू हैं, बल्कि मालवा से आते हैं। अमन अरोड़ा के पास लंबा राजनीतिक तजुर्बा तो हैं ही साथ ही उन्होंने लगातार दूसरी बार चुनाव जीता था। शहरी होने के साथ-साथ वह अपनी बात को प्रभावशाली तरीके से रखते भी है। पार्टी को ऐसे की चेहरे की तलाश भी थी।

अमन अरोड़ा पंजाब का युवा चेहरा और आम आदमी पार्टी के सक्रिय नेता हैं। फरवरी 2017 में रिकॉर्ड 30,307 वोटों से विधायक के तौर पर पहली बार सुनाम विधानसभा क्षेत्र से चुने गए अमन अरोड़ा वर्तमान में आप की पंजाब राज्य इकाई के सह-अध्यक्ष हैं। दो बार विधायक और पंजाब के मंत्री रहे भगवान दास अरोड़ा के बेटे अमन कम उम्र में ही राजनीति में आ गए और 2007 और 2012 में दो बार सुनाम से चुनाव लड़े। जनवरी 2016 में अरविंद केजरीवाल की आम आदमी की राजनीति से प्रभावित होकर वे आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *