February 15, 2026

हमारे पास ईमानदार रंधावा, उनके पास भ्रष्ट रंधावा : अरविंद केजरीवाल

डेरा बाबा नानक : आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने डेरा बाबा नानक में आप उम्मीदवार गुरदीप सिंह रंधावा के लिए प्रचार किया। दोनों नेताओं ने एक बड़ी रैली को संबोधित किया और लोगों से आप उम्मीदवार का समर्थन करने की अपील की। केजरीवाल और मान ने पिछले ढाई वर्षों में आप सरकार द्वारा किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला और बताया कि कैसे उन्होंने अपने प्रमुख चुनावी वादों को पूरा किया।

अरविंद केजरीवाल ने लोगों से गुरदीप रंधावा को समर्थन देने का आग्रह करते हुए कहा कि ढाई साल पहले, आपने आम आदमी पार्टी को ऐतिहासिक जनादेश दिया था। 117 सीटों में से आपने हमें 92 सीटें दीं, जो पंजाब के इतिहास में सबसे अधिक है।

उन्होंने कहा कि पंजाब के हर गांव में करीब 4 से 5 बच्चों को नौकरी मिली है। किसी से भी पैसे नहीं लिए गए और किसी को सिफारिश भी नहीं करनी पड़ी। पहले बिना सिफारिश और रिश्वत के सरकारी नौकरी मिलती ही नहीं थी। हमने कच्चे कर्मचारी पक्के किए और और अभी भी कर्मचारियों को पक्का करने का काम जारी है। अब सरकारी कर्मचारी टंकियों पर नहीं मिलते। वह अपने काम पर मिलते हैं। इसके अलावा हमारी सरकार ने कई टोल प्लाजे बंद कर दिए जिससे लोगों के रोज लाखों रुपए बच रहे हैं।

केजरीवाल ने कहा कि जब गुरदीप रंधावा डेरा बाबा नानक से विधायक चुने जाएंगे तो वे डेरा बाबा नानक में बायोगैस प्लांट और चीनी मिल स्थापित करेंगे जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। युवाओं को स्वस्थ और नशे से दूर रखने के लिए खेल के मैदान और स्टेडियम बनाए जाएंगे। एक आईटीआई-पॉलिटेक्निक कॉलेज भी खोला जाएगा. केजरीवाल ने कहा कि यह चुनाव ईमानदार रंधावा और भ्रष्ट रंधावा के बीच है। सुखजिंदर सिंह रंधावा की वजह से डेरा बाबा नानक में लोगों को इतने सारे फर्जी मामलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सुखजिंदर रंधावा सिर्फ अपने परिवार के बारे में सोचते हैं। इसीलिए उनकी पत्नी यह चुनाव लड़ रही हैं। वहीं गुरदीप सिंह रंधावा के लिए डेरा बाबा नानक के लोग ही उनका परिवार हैं। वह आपके लिए काम करेंगे और आपके मुद्दों का समाधान करेंगे। डेरा बाबा नानक में लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कांग्रेस नेताओं पर हमला बोला और कहा कि वे सोचते हैं कि राजनीति एक व्यवसाय है।

मान ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने लोगों की सेवा करने के लिए अपनी नौकरी छोड़ दी। हमलोग पैसे के लिए राजनीति में नहीं आए हैं। हम यहां लोगों की सेवा करने के लिए हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सबसे तेजी से उभरने वाली राजनीतिक पार्टी है। केवल 12 वर्षों में हमारे पास दो राज्यों में सरकारें हैं। गुजरात, गोवा और जम्मू-कश्मीर में विधायक और 13 सांसद हैं। मान ने कहा कि यह सब लोगों की वजह से है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि लोकतंत्र में सारी शक्ति लोगों के पास होती है। लेकिन पारंपरिक राजनेता सोचते हैं कि वे जनता से बड़े हैं। उनके अहंकार को हराएं। उन्होंने कहा कि हम सार्वजनिक धन का उपयोग जनता को सुविधाएं प्रदान करने के लिए करते हैं। केवल ढाई वर्षों में हमने 850 से अधिक आम आदमी क्लिनिक खोले हैं, जहां 2 करोड़ से अधिक लोगों ने इलाज करवाया। हम सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की स्थिति में सुधार कर रहे हैं। पीडब्ल्यूडी मंत्री के रूप में टोल प्लाजा स्थापित करने के लिए प्रताप बाजवा पर हमला करते हुए मान ने कहा कि हमने 16 टोल प्लाजा बंद कर दिए हैं, जिससे लोगों को हर दिन लगभग 62 लाख रुपये की बचत हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *