हरजोत बैंस ने जांदला में 14.60 करोड़ रूपये की लागत से बने पुल का किया उद्घाटन
गांव जांदला सहित दर्जनों गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी
राज घई, आनंदपुर साहिब, कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने आज श्री आनंदपुर साहिब विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गांव जांदला में नहर पर 14 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से बने उच्च स्तरीय स्टील रहित पुलों का उद्घाटन किया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस पुल के बनने से जांदला गांव सहित साथ लगते दर्जनों गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश जाने के लिए भी यह पुल अहम भूमिका निभाता है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उन्होंने जनता से जो भी वादे किये थे, उन्हें समय पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार काम की राजनीति करती है और हमेशा करेगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बेला में पुल बनने के बाद गांव जांदला से बेला तक का सफर महज कुछ मिनटों का रह जाएगा, जिससे राहगीरों का समय बचेगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने चंगर वासियों से वादा किया था कि चुनाव जीतने के बाद वह चंगर वासियों की दशकों पुरानी पानी की समस्या को हर हाल में हल करेंगे, जिसके बाद 80 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट बनाया गया।अब सभी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद जल्द ही उस परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा, जिससे चंगरवासियों की बड़ी मांग पूरी होगी। गौरतलब है कि गांव जांदला में पुल बनने से पहले राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब पुल बनने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।इस पुल के बनने से जांदला अप्पर, जांदला लोअर, दबखेरा, अजोली, दडोली अप्पर, सोहन मंगलौर, ब्रह्मपुर सहित दर्जनों गांवों की यातायात समस्या हल हो गई है।
