मुझसे दो बार गलती हुई, अब दाएं- बाएं नहीं होगा: नीतीश कुमार
तरारी: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा से हमारा शुरू से रिश्ता रहा है। हम 2005 से मिलकर काम कर रहे हैं। हम लोगों ने सूबे के विकास के लिए काफी काम किया है। हमारा यह रिश्ता आगे भी कायम रहेगा। बीच में हमसे दो बार गलती हो गई थी। राजद के साथ हमने सरकार बनाई तो वो गड़बड़ करने लगा। यह मुझसे बर्दाश्त नहीं हुआ। मुझे अपनी गलती का एहसास हुआ। अब कोई दाएं- बाएं नहीं होगा।
ये बातें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को तरारी प्रखंड मुख्यालय में राजग समर्थित भाजपा प्रत्याशी विशाल प्रशांत के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने लालू-राबड़ी सरकार के शासनकाल की याद दिलाते हुए कहा कि उनके राज में डर के मारे कोई घर से नहीं निकलता था। चारों ओर भय का माहौल था। वे हिन्दू-मुस्लिम में झगड़ा कराने का काम करते थे। मुसलमानों को भाजपा के नाम पर डरा कर उनका वोट लेते थे बदले में मुसलमानों का कोई काम नहीं करते थे। हम लोग जब सता में आए तो सबके लिए काम करना शुरू किया।
उन्होंने कहा, हमारे समय में कहीं कोई दंगा-फसाद नहीं हुआ। आज सूबे में चौतरफा विकास हो रहा है। यह उनको रास नहीं आ रहा है, इसलिए हमेशा कुछ गड़बड़ करने के प्रयास में लगे रहते हैं। राज्य में विकास का यह क्रम जारी रहे इसके लिए इस उपचुनाव में आप लोग राजग के प्रत्याशी विशाल प्रशांत को चुनकर विधानसभा में भेजिए। हम भरोसा दिलाते हैं कि इनके नेतृत्व में तरारी का विकास होगा। सभा की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा राज व संचालन जदयू जिलाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने किया।
