मोबाइल चोरी के आरोप में युवक को पेड़ से बांध बेरहमी से पीटा, हैवानियत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
समस्तीपुर : बिहार के समस्तीपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां मोबाइल चोरी के शक में एक युवक को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सिंघिया थाना क्षेत्र के अगरौल गांव का रहने वाला सिद्धार्थ कुमार नामक युवक सोनू कुमार नामक व्यक्ति के घर अक्सर आता-जाता था। सोनू कुमार का मोबाइल गायब हो गया था, जिसके लिए उसने सिद्धार्थ को ही जिम्मेदार ठहराया। इसके बाद सोनू कुमार और उसके साथी मो. गुलाब ने सिद्धार्थ को पकड़कर पेड़ से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और पीड़ित के बयान के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे सिद्धार्थ को पेड़ से बांधकर सोनू और गुलाब डंडे से पीट रहे हैं। इतना ही नहीं, जब उनका डंडा टूट जाता है तो वे टूटे हुए डंडे से भी पीटते रहते हैं। मौजूद कुछ लोग उन्हें रोकने की कोशिश करते हैं लेकिन वे नहीं मानते।
