February 21, 2026

जम्मू-कश्मीर: एग्जिट पोल में नेशनल कांफ्रेन्स-कांग्रेस सबसे आगे

बहुमत के आंकड़े से दूर, इसलिए गठबंधन सरकार बनने के आसार

नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस गठबंधन को सबसे अधिक सीटें मिलती नजर आ रही है, लेकिन वह बहुमत के आंकड़े से दूर है इसलिए वहां गठबंधन सरकार बनने के आसार नजर आ रहे हैं।

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव की 90 सीटों के लिए हुए चुनाव के एग्जिट पोल में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलता दिखाई दे रहा है और केन्द्र शासित प्रदेश में गठबंधन की सरकार बनती दिख रही है। सभी एग्जिट पोल में कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेन्स गठबंधन को सबसे आगे दिखाया गया है, लेकिन वह स्पष्ट बहुमत से दूर दिखायी दे रही है। कुछ पोल में कांग्रेस गठबंधन को बहुमत मिलता भी दिखाया गया है। ज्यादातर एग्जिट पोल में भाजपा को अकेले अपने दम पर 30 के करीब सीट मिलती दिख रही हैं।

जम्मू-कश्मीर में सी-वोटर सर्वे के मुताबिक, कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस गठबंधन को 40-48 सीटें जीतने का अनुमान है। सी-वोटर अपने सर्वे में एनसी+: 40-48 सीटें, बीजेपी: 27-32 सीटें, पीडीपी: 6-12 सीटें, और अन्य: 6-10 सीटें दे रहा है।महबूबा बन सकती है किंग मेकर
सबसे ज्यादा सीटें नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस के अलायंस को मिल सकती हैं। दूसरे नंबर पर भाजपा रह सकती है। पिछली सीएम महबूबा मुफ्ती की पार्टी पीडीपी की सीटें भले दहाई से कम रहें, लेकिन वे किंगमेकर की भूमिका में आ सकती हैं। इस बार निर्दलीय उम्मीदवार भी सरकार बनाने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।

जम्मू-कश्मीर में 2019 में धारा 370 हटने के बाद 2024 में पहली बार विधानसभा चुनाव हुए हैं। इन चुनावों को लेकर देश भर के लोगों में खास दिलचस्पी है। देश की जनता देखना चाहती है कि जम्मू और लद्दाख अलग होने के बाद वहां के लोग किसको अपना समर्थन देते हैं। फारूक अब्दुल्ला की पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस जो कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है उसको या फिर महबूबा मुफ्ती की पार्टी पीडीपी को या फिर बीजेपी सत्ता में वापसी करेगी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *