जिले के सभी 807 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण रहा मतदान
नेहरू कॉलेज में बने स्ट्रांग रूम में रखी जाएंगी ईवीएम
जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया कि हरियाणा विधानसभा आम चुनाव 2024 के चलते शनिवार को जिले में सभी 807 मतदान केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण तरीके से मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। जिले में नागरिकों ने मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने बताया कि सुबह निर्धारित समय 7 बजे मतदान केंद्रों पर मतदान शुरू हुआ। मॉनिटरिंग के लिए जिला मुख्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम में मतदान केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिये समूचे जिले की चारों विधानसभाओं में मतदान प्रक्रिया पर नजर रखी गई। प्रशासन की तरफ से मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी व किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
जिला निर्वाचन अधिकारी कैप्टन शक्ति सिंह ने बताया प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर रहा। उन्होंने मतदान केंद्रों का दौरा किया व इस दौरान पोलिंग स्टेशनों पर व्यवस्था दुरुस्त मिली। लघु सचिवालय में स्थापित कंट्रोल रूम के लिए विशेष टीम लगाई गई जिसने पूरी मतदान प्रक्रिया पर बारीकी से नजर रखी। इस दौरान पुलिस आयुक्त बी सतीश बालन,एडीसी सलोनी शर्मा,डीसीपी शशांक कुमार सावन,डीसीपी लोगेश कुमार,डीएमसी परवेश कादियान मौजूद रहे। शनिवार की शाम सात बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जिले में 65.8 प्रतिशत मतदान रहा।
बॉक्स
जिले में विधानसभा के अनुसार मतदान प्रतिशत
(शाम सात बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जिले में 65.8 प्रतिशत मतदान हुआ। विधानसभा क्षेत्र के अनुसार आंकड़े निम्न प्रकार से हैं)
बादली – 70.2 प्रतिशत
बहादुरगढ़ -64.5 प्रतिशत
बेरी – 64.6 प्रतिशत
झज्जर – 64.4 प्रतिशत
बॉक्स
जिले में विधानसभाओं के अनुसार इतने मतदाताओं ने किया मतदान
बादली – 1 लाख 31 हजार 634 वोटर ने मतदान किया।
बहादुरगढ़ – 1 लाख 58 हजार 567 मतदाताओं ने किया मतदान
बेरी – 1 लाख 18 हजार 337 वोटरों ने मतदान किया।
झज्जर -1 लाख 22 हजार 327 मतदाताओं ने वोट डाले।
जिला में कुल मतदान 5 लाख 30 हजार 865 हुआ।
बॉक्स
अब मंगलवार 8 अक्टूबर को होगी मतगणना
उन्होंने बताया कि पोलिंग पार्टियां द्वारा नियमानुसार ईवीएम जमा करवाने की प्रक्रिया नेहरू कॉलेज में चल रही है। देर रात तक सभी ईवीएम जमा होने की प्रक्रिया पूरी होगी। सभी ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखा जा रहा है। सभी चारों विधानसभा क्षेत्रों नामत: बेरी,बादली,बहादुरगढ और झज्जर की मतगणना आठ अक्टूबर मंगलवार को होगी व स्ट्रांग रूम के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति भी कर दी गई है।
