स्वीप कोर कमेटी की मीटिंग में मतदान बढ़ाने को लेकर हुई चर्चा
एक्सपर्ट्स व औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने दिए सुझाव
मतदान के दिन औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत स्टाफ को मिलेगा सवेतन अवकाश
स्वीप कार्यक्रम की जिला नोडल ऑफिसर एवं एडीसी सलोनी शर्मा की अगुवाई में लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में स्वीप कोर कमेटी की मीटिंग आयोजित हुई। मीटिंग में कोर कमेटी के सदस्यों व जिले में स्थापित औद्योगिक इकाइयों व सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया व विधानसभा चुनाव में वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने को लेकर गंभीर विचार मंथन किया गया। मीटिंग में कमेटी सदस्यों व एक्सपर्ट्स द्वारा मतदान जागरूकता को लेकर कई अहम सुझाव रखे गए।
एडीसी ने कहा कि स्वीप अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को समझना है कि लोकतंत्र में भागीदारी से लोकतंत्र मजबूत बनता है। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों से कहा कि 5 अक्टूबर के दिन सवेतन अवकाश का प्रावधान है। इस अवकाश का लाभ उन्हीं वोटरों को मिलेगा जिनका हरियाणा में वोट है। उन्होंने कहा कि जिले की सीमा से लगते दिल्ली के क्षेत्रों में भी यहां के जो वोटर निजी व सरकारी क्षेत्र में नौकरी करते हैं, उन्हें भी सवेतन अवकाश देने के निर्देश दिए गए हैं। मीटिंग में वोटर जागरूकता अभियान को ओर बेहतर व प्रभावी ढंग से चलाने के लिए काफी गंभीरता के साथ विचार विमर्श किया गया। एडीसी सलोनी शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया युवाओं में काफी लोकप्रिय है इसे देखे हुए सोशल मीडिया पर मतदाता व मतदान जागरूकता अभियान चलाते हुए युवाओं को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने वोटर जागरूकता के लिए सीएसआर गतिविधियां आयोजित करने का आह्वान किया। उद्योग अपने प्रांगण में मतदाता जागरूकता को लेकर पोस्टर, बैनर, होर्डिंग, वीडियो व ऑडियो क्लिप आदि के द्वारा जागरूकता अभियान प्रभावी ढंग से चलाए। इस मौके पर एमएसएमई की सहायक निदेशक नीलिमा, डीएफएससी आदित्य कौशिक, एआईपीआरओ मनप्रीत सिंह, राकेश अरोड़ा, प्रवीन गर्ग, महेश के अलावा विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
