February 25, 2026

कांग्रेसी चुनाव में ढेरों वादे करेंगे, सावधान रहने की जरूरत : मनोहर लाल

रोहतक: केंद्रीय ऊर्जा और शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने रोहतक में प्रबुद्ध समाज सम्मेलन में हिस्सा लिया। सम्मेलन में उद्योगपति, व्यापारी, डॉक्टर और एडवोकेट आदि सभी तरह के प्रबुद्ध और बुद्धिजीवी लोग मौजूद रहे। सम्मेलन में मनोहर लाल ने भाजपा और कांग्रेस के 10-10 साल के कार्यकाल का अंतर बहुत ही कम शब्दों में समझाया। मनोहर लाल ने कहा कि सभी प्रबुद्धजन यहां बैठे हैं और सभी को पता होगा कि 10 साल पहले जब कांग्रेस का कार्यकाल था तो व्यापार करने में कितनी परेशानी होती थी। भाजपा ने व्यापार को सरल कर दिया है। 10 साल पहले दबंगई होती थी, दुकानदार मंथली और हफ्ता देते थे, लेकिन भाजपा की सरकार बनते ही हमने ये सब खत्म कर दिया। आज कोई दुकानदार मंथली या हफ्ता नहीं देता। सिर्फ जो सरकारी फीस होती है वहीं देते हैं।
मनोहर लाल ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेसी भी चुनाव में ढेरों वादे करेंगे, लेकिन आप लोगों को समझना है कि इनके वादे धरातल पर लागू होंगे या नहीं। जहां भी कांग्रेस की सरकार बनी है और इन्होंने जितने भी वादे किए हैं, अब सबसे पीछे हट रहे हैं। झूठे वादे कर दिए, लेकिन सरकार के पास वादे पूरे करने के लिए पैसे ही नहीं हैं। इसलिए लोगों को इनकी झूठी बातों के झांसे में नहीं आना है। मनोहर लाल ने कहा कि हुड्डा गैंग से बचकर रहना नहीं तो 10 साल पहले की तरह सभी दुविधाएं फिर शुरू हो जाएंगी। वैसे भी कांग्रेस हार की ओर बढ़ रही है, प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने जा रही है।

मनोहर लाल ने कहा कि इतिहास उठाकर देख लो 50 साल में केंद्र में जिस पार्टी की सरकार है उसी पार्टी की सरकार हरियाणा में भी रही है। हरियाणा की जनता समझदार है और इस बार भी भाजपा को जिताकर सेवा का मौका देगी। प्रबुद्ध समाज सम्मेलन के संयोजक उद्योगपति राजेंद्र बंसल रहे। सम्मेलन में पूर्व विधायक मनीष ग्रोवर, पूर्व विधायक सरिता नारायण, संयोजक राजेंद्र बंसल, उद्योगपति प्रकाश आहूजा, दीपक जिंदल, धीरज चावला सदस्य प्रधान बिल्डर्स एसोसिएशन, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर राजकुमार सहगल, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर खरक, प्रो. मदनलाल, अशोक खुराना, राज शर्मा, प्रकाश आहूजा, चंद्र गर्ग सहित जैन सभा, वैश्य एजूकेशन सोसायटी से जुड़े लोग और अन्य कई संस्थाओं के गणमान्य लोग मौजूद रहे।दूसरे प्रदेशों में परेशान हैं व्यापारी

केंद्रीय ऊर्जा और शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा की तुलना पंजाब, हिमाचल और दिल्ली से कर लो फर्क साफ नजर आएगा। दिल्ली में व्यापारी बदहाल हैं, लेकिन हरियाणा में आज उद्योगपति अपने कारखाने लगाना चाहते हैं। अगर हरियाणा में कोई नई इंडस्ट्री लगाना चाहता है तो उसे हर तरह के लाइसेंस 45 दिनों में ही मिल जाते हैं। जिसे जितनी जरूरत होती है उतनी बिजली भी मिलती है। ऐसा पहली बार है कि हरियाणा के 5900 गांवों को 24 घंटे बिजली मिल रही है।

घबराई हुई है कांग्रेस

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस घबराई हुई है, कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन करने को राजी नहीं। कांग्रेस को अपनी जीत पर इतना ही विश्वास था तो गठबंधन क्यों कर रहे थे। दरअसल कांग्रेस हार की ओर बढ़ रही है। मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस के नेता झूठ फैलाते हैं कि भाजपा संविधान को खत्म कर देगी, अब राहुल गांधी खुद विदेश में जाकर आरक्षण खत्म करने की बात कर रहे हैं। ये लोग आम आदमी और गरीब का अधिकार छीनते हैं, लेकिन भाजपा ऐसा नहीं होने देगी। कांग्रेस की भाईचारा बिगाड़ने की साजिश हम तीन बार झेल चुके हैं। लेकिन अब ऐसा नहीं होने देंगे।

रोहतक में करवाया विकास

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हमने रोहतक और करनाल ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा में समान रूप से विकास करवाया। देश का पहला प्रोजेक्ट रेलवे एलिवेटेड ट्रैक हमने रोहतक में बनवाया। आज शहर से सभी फाटक खत्म हो गए हैं। एलिवेटेड रोड बनवाया गया, इससे शहर की जाम की समस्या खत्म हो गई है। व्यापारी और दुकानदार आज एलिवेटेड रोड के लिए भाजपा का आभार जताते हैं।

मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में नौकरियों के रेट तय थे, लेकिन हमने उस परिपाटी को बदला और योग्यता के आधार पर नौकरी दी। ग्रुप सी और डी में इंटरव्यू खत्म किए। बदली, भर्ती और सीएलयू इंडस्ट्री को भाजपा ने बंद कर दिया है। कांग्रेस के एजेंट बेरोजगार हो गए हैं, इसलिए इन्हें बेरोजगारी नजर आ रही है। जबकि सच्चाई ये है कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में करीब 80 हजार युवाओं को नौकरी दी, जबकि भाजपा ने 1 लाख 46 हजार को नौकरी दी। भर्ती रोको गैंग ने 25 हजार भर्ती रुकवा दी।

2016 में रोहतक फूंक दिया, दुकानदारों का क्या कसूर था : मनीष ग्रोवर

रोहतक विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी मनीष ग्रोवर ने प्रबुद्ध समाज सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में दुकानदारों को भय रहता था, कोई सुबह घर से निकलता था तो पता नहीं होता था कि शाम को घर वापस आएगा या नहीं। लेकिन भाजपा की मनोहर सरकार ने आते ही व्यापारियों को सुरक्षा दी और आज व्यापारी भय मुक्त हैं। ग्रोवर ने कहा कि 2016 में रोहतक को फूंक दिया गया। इसमें इन दुकानदारों का क्या कसूर था। लोकसभा के चुनाव में हुड्डा का पूरा कुनबा सड़क पर था। रोहतक के लोग भाजपा को चाहते हैं और इस बार जीत सुनिश्चित है। ग्रोवर ने मनोहर लाल के सामने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार है और आपके पास शहरी विकास मंत्रालय है। मैं रोहतक को स्वच्छता के मामले में नंबर-1 बनाना चाहता हूं। मास्टर प्लान बनाकर पूरे रोहतक में नई सीवर लाइन बिछवाने का सपना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *