प्रधानमंत्री ने भारत की पहली नमो भारत रैपिड रेल को दिखाई हरी झंडी, कई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन भी लॉन्च
अहमदाबाद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भुज से अहमदाबाद तक देश की पहली वंदे मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत की। इसे ‘नमो भारत रैपिड रेल’ नाम दिया गया है। इस मौके पर पीएम मोदी ने कई वंदे भारत ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई। सोमवार को नागपुर से सिकंदराबाद, कोल्हापुर से पुणे, आगरा कैंट से बनारस, दुर्ग से विशाखापत्तनम, पुणे से हुबली और वाराणसी से दिल्ली तक पहली 20 कोच वाली वंदे भारत ट्रेनों को लॉन्च किया गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा, देशभर में गणेश उत्सव और मिलाद उन-नबी जैसे त्यौहार मनाए जा रहे हैं। इन उत्सवों के बीच विकास का जश्न भी जारी है। आज 8,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया है।
प्रधानमंत्री ने अहमदाबाद मेट्रो रेल एक्सटेंशन के दूसरे चरण का उद्घाटन भी किया। यह परियोजना गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के सहयोग से विकसित की गई है। उद्घाटन के बाद, पीएम मोदी ने गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ सेक्शन 1 मेट्रो स्टेशन से गिफ्ट सिटी मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो की यात्रा की।
प्रधानमंत्री ने अहमदाबाद में 8,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसमें समाखियाली-गांधीधाम और गांधीधाम-आदिपुर रेलवे लाइनों का चौगुनाकरण, एएमसी, अहमदाबाद में सड़कों का विकास, और हाथीजन, रामोल, पंजरपोल जंक्शन पर फ्लाईओवर पुलों का निर्माण शामिल है।
पीएम मोदी ने कच्छ लिग्नाइट थर्मल पावर स्टेशन, कच्छ में 30 मेगावाट की सौर प्रणाली, 35 मेगावाट की बीईएसएस सोलर पीवी परियोजना और मोरबी और राजकोट में 220 किलोवोल्ट सबस्टेशन का उद्घाटन भी किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र प्राधिकरण के सिंगल विंडो आईटी सिस्टम का शुभारंभ किया, जिसे वित्तीय सेवाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए डिजाइन किया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 30,000 से अधिक घरों को मंजूरी दी और इन घरों के लिए पहली किस्त जारी की। इसके साथ ही पीएमएवाई योजना के तहत घरों के निर्माण का शुभारंभ किया और राज्य द्वारा पूर्ण किए गए घरों के लाभार्थियों को सौंपे।
