February 20, 2026

आंध्र प्रदेश में लगातार वर्षा और बाढ़ के कारण अब तक 46 लोगों की मौत

विजयवाड़ा, आंध्र प्रदेश में लगातार वर्षा और बाढ़ के कारण अब तक 46 लोगों की मौत हो चुकी है तथा 1,96,100 हेक्टेयर भूमि की फसलें बर्बाद हो गई हैं।

यहां मंगलवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि मूसलाधार बारिश और बाढ़ के कारण अब तक 46 लोगों की मौत हो चुकी है। एनटीआर जिले में 36, गुंटूर जिले में सात, एलुरु जिले में दो और पालनाडु जिले में एक व्यक्ति की मौत हुई है। इसी दौरान, 1,96,100 हेक्टेयर में कृषि फसलों को नुकसान पहुंचा है, जिससे 2,40,272 किसान प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा, 19,686 हेक्टेयर में बागवानी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे बागवानी फसलों से जुड़े 30,877 किसान प्रभावित हुए हैं।

विज्ञप्ति के अनुसार, मूसलाधार वर्षा और बाढ़ के कारण 4,202.68 किलोमीटर लंबी सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं और 70 सड़कों में दरारें पड़ गईं। विजयवाड़ा में लगातार बारिश के कारण 339 ट्रेनें रद्द कर दी गईं, 181 के मार्ग बदले गए और 12 आंशिक रूप से रद्द कर दी गईं। खराब मौसम की वजह से, राज्य में 6,44,133 लोग प्रभावित हुए। उनके लिए 246 राहत शिविर बनाए गए। कुल 540 पशु (बड़े पशु 135 और छोटे पशु 405) मारे गए जबकि 7,607 पक्षी मारे गए। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *