नाबालिग से अस्पताल में गैंगरेप, दोनों आरोपित सफाईकर्मी हिरासत में
जोधपुर : राजस्थान के जोधपुर शहर में एक बार फिर शर्मनाक घटना सामने आई है। सरकारी अस्पताल परिसर में 14 साल की नाबालिग के साथ गैंगरेप की वारदात घटी है। पीड़िता रविवार को घर से नाराज होकर निकल गई थी और अस्पताल परिसर में पहुंच गई थी, जहां दो सफाईकर्मियों ने उसे निशाना बनाया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) निशांत भारद्वाज के अनुसार, पीड़िता को रविवार शाम को उसके घरवालों ने डांट दिया था, जिसके बाद वह बिना बताए घर से बाहर निकल गई। रात को वह जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल परिसर पहुंची, जहां सफाईकर्मी ने उसे बहला-फुसलाकर अस्पताल के कैदी वार्ड के पास स्थित एक कोठरी में ले जाकर बारी-बारी से बलात्कार किया और फिर उसे वहां छोड़ दिया।
पीड़िता के घर से गायब होने की रिपोर्ट मिलने पर उसके पिता और परिवार ने तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली। इसके बाद, पिता ने पुलिस को सूचना दी और लड़की के बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की एफआईआर दर्ज करवाई। अगले दिन शाम को, पीड़िता अस्पताल परिसर के आसपास अकेली घूमती मिली। पुलिस ने उसे थाने ले जाकर बयान लिया और परिजनों को सूचित किया।
पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर गैंगरेप और पोक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया। एफएसएल ने घटना स्थल की जांच की और साक्ष्य एकत्रित किए। दोनों आरोपियों को पहचान कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी करके हिरासत में लिया गया है।
यह घटना जोधपुर में नाबालिगों के साथ होने वाली तीसरी ऐसी घटना है। 20 अगस्त को, शहर के प्रताप नगर थाना क्षेत्र के डिफेन्स कॉलोनी में 3 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। हाल ही में जोधपुर में लगातार नाबालिगों के साथ हैवानियत की घटनाओं ने शहरवासियों में डर और गुस्सा पैदा कर दिया है।
