सरकारी नौकरियों का इतंजार कर रहे युवाओं को झटका, चुनाव आयोग ने भर्ती प्रक्रियाओं के परिणामों पर लगाई रोक
नई दिल्ली : हरियाणा में नौकरियों के इंतजार कर रहे युवाओं को एक बड़ा झटका लगा है। चुनाव आयोग ने राज्य में चल रही भर्ती प्रक्रियाओं के परिणामों को विधानसभा चुनावों तक के लिए रोक दिया है। कांग्रेस सांसद जयराम रमेश की शिकायत के आधार पर यह निर्णय लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, जयराम रमेश ने चुनाव आयोग से शिकायत की थी कि हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल के 5600 पदों, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) द्वारा टीजीटी और पीटीआई के 76 पदों और हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) द्वारा विभिन्न पदों की भर्ती प्रक्रिया में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हो रहा है।
इस शिकायत के बाद, चुनाव आयोग ने राज्य सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी और पाया कि एचएसएससी और एचपीएससी द्वारा चल रही भर्ती प्रक्रियाओं में आदर्श आचार संहिता का कोई उल्लंघन नहीं हुआ है। आयोग ने यह भी पाया कि इन भर्तियों की प्रक्रिया चुनाव की घोषणा से पहले शुरू की गई थी और यह मौजूदा आदर्श आचार संहिता के अनुसार है।
हालांकि, चुनाव आयोग ने यह सुनिश्चित करने के लिए कि किसी को भी अनुचित लाभ न मिले और समान अवसर बनाए रहें, निर्देश दिया है कि इन भर्तियों के परिणाम विधानसभा चुनाव समाप्त होने तक घोषित नहीं किए जाएंगे।
