चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मियों को नहीं आने दी जाएगी कोई भी परेशानी, शिकायत पेटिका भी होगी स्थापित
सेक्टर अधिकारी क्षेत्र की वूलनेरेबिलिटी मैपिंग कर जल्द रिपोर्ट भिजवाना करें सुनिश्चित: जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप दहिया
हिसार, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि विधानसभा चुनाव को हर हाल में निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न करवाया जाएगा। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों तथा कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की जा रही है। चुनाव में किसी भी चुनाव कर्मी को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। कर्मियों की समस्याओं के समाधान के शिकायत पेटिका भी स्थापित करवाई जाएगी।
दहिया ने यह बात स्थानीय लघु सचिवालय के जिला सभागार में आयोजित सेक्टर अधिकारियों व पुलिस अधिकारियों की एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में सेक्टर अधिकारियों की भूमिका अति महत्वपूर्ण रहने वाली है। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि सभी सेक्टर अधिकारी अपने- अपने क्षेत्र की वूलनेरेबिलिटी मैपिंग का कार्य जल्द पूर्ण कर आगामी मंगलवार तक अपनी रिपोर्ट भिजवाना सुनिश्चित करें ताकि चुनाव संबंधित आगे की कार्य योजना तैयार की जा सके। सभी सेक्टर अधिकारी चुनाव के दौरान कम से कम तीन बार अपने क्षेत्र की विजिट अवश्य करें ताकि क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति से अच्छी तरह से वाकिफ हो सके। बैठक में सेक्टर अधिकारियों को चुनाव ड्यूटी से संबंधित पुस्तिका भी उपलब्ध करवाई गई ताकि वे समय रहते इस पुस्तिका को पढ़कर अपने दयित्व का भली प्रकार से निर्वहन कर सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने के लिए विस्तृत ट्रेंनिंग प्लान तैयार किया जा रहा है। जिन अधिकारियों तथा कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव में लगाई जाएगी उन्हें चुनाव संबंधित तमाम आवश्यक प्रशिक्षण भी उपलब्ध करवाया जाएगा ताकि वे अपनी ड्यूटी को बखूबी निभा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी कर्मचारी को कोई परेशानी आड़े नहीं आने दी जाएगी। चुनाव कर्मियों की समाधान के लिए एक शिकायत समाधान पेटीका भी स्थापित करवाई जाएगी ताकि चुनाव संबंधी हर प्रकार की समस्या का समाधान तुरंत हो सके। उन्होंने कहा कि चुनाव में सेक्टर अधिकारियों की ड्यूटी बहुत महत्वपूर्ण होती है। इसलिए इस विधानसभा चुनाव में उनके लिए एक नोडल अधिकारी की अलग से नियुक्ति की जाएगी।
