February 25, 2026

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमले ; दो पुलिस कर्मियों की मौत

इस्लामाबाद : उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में एक पुलिस थाने पर आतंकवादियों के हमले में एक थाना प्रभारी समेत दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के आतंकवाद प्रभावित लक्की मरवत जिले में बरगई पुलिस थाने पर रविवार रात हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, हमले में एक पुलिसकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल थाना प्रभारी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि हमले से पहले आतंकवादी पुलिस थाने के पास स्थित एक घर में छिपे हुए थे।

उत्तर–पश्चिम पाकिस्तान में रविवार को एक अन्य हमले में आतंकवादियों ने ‘फ्रंटियर कॉन्स्टेब्युलरी’ के वाहनों को निशाना बनाया, जिससे उसमें सवार कम से कम दो जवानों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, आतंकवादियों ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के डेरा इस्माइल खान जिले के मद्दी इलाके में सुरक्षा बलों के काफिले पर घात लगाकर हमला किया। पुलिस के मुताबिक हमले में दो जवानों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, हाल ही में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के सात आतंकी मारे गए थे। सेना की मीडिया शाखा ‘इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस’ ने एक बयान में कहा था कि कुर्रम जिले में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी के आधार पर उनके खिलाफ अभियान चलाया गया था। सुरक्षा बलों की तरफ से की गई कार्रवाई में सात आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया था, जबकि पांच आतंकी घायल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *