February 19, 2026

एम्स में 300 बिस्तरों वाला ट्रॉमा सेंटर स्थापित हो: हरसिमरत कौर

चंडीगढ़ : शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की वरिष्ठ नेता हरसिमरत कौर बादल ने शुक्रवार को एम्स, बठिंडा के लिए 300 बिस्तरों वाला ट्राॅमा सेंटर स्वीकृत करने की मांग के अलावा मानसा में एम्स का एक केंद्र खोलने और फिरोजपुर में पीजीआईएमईआर और सैटेलाइट सेंटर के निमार्ण को शीघ्र पूरा करने की मांग की है। बादल ने कहा कि एम्स, बठिंडा में रोजाना 2500 लोग आते हैं और यह दो प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे स्थित है, जहां सड़क दुर्घटनाएं बहुत ज्यादा होती हैं, परंतु इसके इमरजेंसी वार्ड में केवल 28 बिस्तर हैं। उन्होने कहा,‘‘ मैं पिछले तीन सालों से 300 बिस्तरों वाला ट्राॅमा सेंटर बनाने का अनुरोध कर रही हूं, लेकिन कोई फायदा नही हुआ। मैं यह समझने में विफल हूं कि हम ऐसे महत्वपूर्ण कार्य के लिए फंड आवंटित क्यों नही कर रहे, जबकि हजारों करोड़ रूपये मूर्तियों और बुलेट ट्रेन जैसे प्रोजेक्टों पर खर्च किए जा रहे हैं।’’

अकाली नेता ने एम्स, बठिंडा में पीईटी स्कैन मशीन स्थापित करने की जोरदार अपील करते हुए कहा कि पंजाब में कैंसर के मामले हर साल 60 फीसदी बढ़ रहे हैं और महिलाओं में कैंसर के मामले देश में सबसे ज्यादा हैं। उन्होने संसद को बताया कि एम्स, बठिंडा में लाइव डोनर किडनी प्रत्यारोपण शुरू हो गया है और संस्थान में एक राज्य अंग प्रत्यारोपण और उत्तक प्रत्यारोमण संगठन(एसओटीटीओ) की स्थापना की जानी चाहिए। उन्होने अपने हलके के लिए उच्च स्तरीय आईसीयू वेंटिलेटर की व्यवस्था करने की भी मांग की। उन्होने कहा कि मृत्यु दर को कम करने के लिए इनकी बहुत आवश्यकता है। उन्होने संस्थान को आवश्यक मैनपॉवर प्रदान करने और डॉक्टरों के लिए आवश्यक स्टाफ क्वार्टर और छात्रावास आवास की स्थापना की भी मांग की है।

स्वास्थ सुविधाओं को व्यापक बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए बादल ने कहा कि सरकार ने कहा था कि हर जिले में मेडिकल काॅलेज स्थापित किए जाएंगें, लेकिन सच्चाई यह है कि स्वास्थ्य के लिए फंड आवंटन में आवश्यकता के अनुसार बढ़ोतरी नही की गई है। उन्होने फिरोजपुर में पीजीआईएमईआर सैटेलाइट सेंटर की स्थापना में अत्यधिक देरी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और इसके निर्माण पर काम शुरू करने और इसे शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया है।

सांसद हरसिमरत ने स्वास्थ्य योजनाओं की ब्रांडिंग को लेकर केंद्र सरकार और पंजाब सरकार के बीच चल रही खींचातानी के कारण पंजाब को मिलने वाले फंड में भारी देरी हुई है और लोगों को इसके कारण परेशान नही किया जाना चाहिए। उन्होने यह भी बताया कि पंजाब में आप सरकार द्वारा खोले गए मोहल्ला क्लीनिकों ने किस तरह स्वास्थ्य व्यवस्था को तबाहर कर दिया है और वे भ्रष्टाचार का केंद्र बन गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *