February 21, 2026

राज्यपाल ने देश के विकास में आयकर विभाग के योगदान की सराहना की

चंडीगढ़, हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने देश के सर्वांगीण विकास में आयकर विभाग के योगदान की सराहना की।
दत्तात्रेय, आयकर विभाग, उत्तर पश्चिम क्षेत्र, चंडीगढ़ द्वारा सेक्टर 43 स्थित चंडीगढ़ न्यायिक अकादमी में आयोजित 165वें आयकर दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने आयकर दिवस के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित किया।

उन्होंने नागरिकों के बीच कर अनुपालन और जागरूकता के महत्व पर जोर दिया और इस बात पर प्रकाश डाला कि उत्तर पश्चिम क्षेत्र आयकर के माध्यम से राष्ट्रीय राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
दत्तात्रेय ने क्षेत्र के शीर्ष करदाताओं को भी सम्मानित किया व राष्ट्र के विकास में उनके योगदान की सराहना की।

श्रीमती आम्रपाली दास, प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त, उत्तर पश्चिम क्षेत्र, ने प्रत्यक्ष कर संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि पर प्रकाश डाला और राष्ट्र निर्माण में आयकर की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने प्रत्यक्ष कर राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि का उल्लेख किया जो 1947-48 में ₹100 करोड़ से बढ़कर 2023-24 में ₹19 लाख करोड़ से अधिक हो गया। उन्होंने कर कानूनों को सरल बनाने, करदाता सेवाओं को बढ़ाने और कुशल कर संग्रह के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने में आयकर विभाग के प्रयासों की प्रशंसा की।

समारोह के अंत में दत्तात्रेय ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पहल के हिस्से के रूप में महिला अधिकारियों के साथ एक सामूहिक चित्र खिचवाकर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की पहल को रेखांकित किया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *